शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चंडीगढ़ के निकट बद्दी क्षेत्र में प्रस्तावित हिम-चंडीगढ़ सिटी परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही नए शहर के विकास का कार्य शुरू करेगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिम-चंडीगढ़ सिटी को अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे और आवश्यक नागरिक सुविधाओं से लैस आधुनिक, सुनियोजित एवं टिकाऊ शहरी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से शहर के संतुलित और सतत विकास के लिए उपलब्ध सभी संभावनाओं का अध्ययन करने को कहा।

सुक्खू ने प्रस्तावित शहर की परियोजना में सरसा नदी के किनारे करीब नौ किलोमीटर लंबे रिवरफ्रंट को शामिल करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विकसित रिवरफ्रंट से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और लोगों को स्वच्छ, आकर्षक तथा मनोरंजन के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने शहर को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित हिम-चंडीगढ़ सिटी तक बेहतर सड़क संपर्क विकसित किया जाना जरूरी है, ताकि लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत हो।

उन्होंने कहा कि यह नया शहर क्षेत्र की बढ़ती शहरी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को गति देगा। इसके माध्यम से राज्य के राजस्व में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, विधायक राम कुमार व अजय सोलंकी, प्रधान सचिव देवेश कुमार, सचिव अमरजीत सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *