शिमला पुलिस ने नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए ठियोग के एक NDPS मामले में ₹1.64 करोड़ से अधिक मूल्य की चल-अचल एवं वित्तीय संपत्तियां सीज की हैं। पुलिस थाना ठियोग में एफआईआर नं. 77/2026, दिनांक 10 जून 2026 को धारा 18 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने रहीघाट, हॉस्पिटल रोड स्थित आरोपी सोहन लाल उर्फ हैपी की नाई की दुकान से करीब 71 ग्राम अफीम बरामद कर उसे गिरफ्तार किया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से अफीम की अवैध तस्करी में संलिप्त था और ठियोग, कोटखाई, रोहड़ू सहित आसपास के क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करता था। मामले में की गई वित्तीय जांच के दौरान आरोपी और उसके सहयोगियों की आय, संपत्तियों तथा वित्तीय गतिविधियों का विस्तृत विश्लेषण किया गया।

जांच में एक आवासीय भूमि प्लॉट, एक कृषि प्लॉट, दो मंजिला दुकान, वाहन तथा विभिन्न बैंक व डाकघर खातों में जमा धनराशि समेत कुल ₹1.64 करोड़ की संपत्तियों की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार उपलब्ध वित्तीय अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर ये संपत्तियां प्रथम दृष्टया मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित आय से संबंधित पाई गईं। आरोपी की आय और उसकी संपत्तियों में भी असंगति सामने आई, जिसके बाद NDPS एक्ट के तहत संपत्तियां सीज की गईं।

शिमला पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 12 NDPS मामलों में वित्तीय जांच करते हुए ₹8 करोड़ से अधिक मूल्य की संपत्तियां सीज की जा चुकी हैं। वहीं वर्ष 2024 और 2025 में NDPS मामलों में इस प्रकार की कोई वित्तीय जांच या संपत्ति सीज नहीं की गई थी। पुलिस का कहना है कि अब कार्रवाई नशे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध धन और उससे बनाई गई संपत्तियों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *