एनएलयू शिमला के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, न्यायमूर्ति सुंदरेश ने कानून और न्याय के प्रति सम्मान पर दिया जोर

शिमला, 11 अक्तूबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि न्याय का वास्तविक उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों तक न्याय सुनिश्चित करना है। लोकतंत्र में न्याय केवल न्यायिक आदेशों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें निष्पक्षता, विवेकशीलता और प्रत्येक मामले की परिस्थितियों को समझना भी आवश्यक है। मुख्यमंत्री रविवार को हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू), शिमला के तीसरे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने विधि स्नातकों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज में न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता का आकलन केवल उनकी व्यावसायिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से भी किया जाएगा। उन्होंने अपने शैक्षणिक जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से विधि की डिग्री प्राप्त की है, जो उनके राजनीतिक जीवन में भी उपयोगी सिद्ध हुई।
सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों को समयबद्ध न्याय उपलब्ध करवाने और न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। संविधान के तीनों अंगों का मूल उद्देश्य नागरिकों की सेवा करना और उनके अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने भर्ती नियमों और वित्तीय लाभों से जुड़े न्यायिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार को कर्मचारियों के हितों के साथ राज्य की वित्तीय स्थिति और राजकोषीय दायित्वों के बीच संतुलन बनाए रखना पड़ता है।

उन्होंने हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए स्कूलों और सामुदायिक खेल मैदानों के साझा उपयोग को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश ने कहा कि विधि स्नातकों की समाज में विशिष्ट भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल इंजीनियर, सोशल डॉक्टर और सोशल आर्किटेक्ट बताते हुए कहा कि कानून के प्रति सम्मान के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी जरूरी है। उन्होंने कृत्रिम मेधा (एआई) सहित उभरती तकनीकों में विशेषज्ञता विकसित करने और निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया।

समारोह में मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश और हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया ने विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं। पूर्व मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति एम.एस. रामचंद्र राव और न्यायमूर्ति त्रिलोक सिंह चौहान को डॉक्टर ऑफ लॉ की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। समारोह में एनएलयू की कुलपति डॉ. प्रीति सक्सेना सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
#ShimlaLive #HimachalNews #NLUShimla #SukhvinderSinghSukhu #Justice #HimachalPradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *