शिमला, 28 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने प्रदेश सरकार को पेंशनर्स की लंबित देनदारियों का भुगतान करने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि 11 नवंबर तक सभी देनदारियों का भुगतान नहीं किया गया तो हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के 18 संगठन जॉइंट एक्शन कमेटी के बैनर तले जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 18 या 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान प्रदर्शन और विधानसभा घेराव किया जाएगा।
समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर, महासचिव इंद्र पाल शर्मा और अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा ने संयुक्त बयान में सरकार से मांग की कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स को संशोधित लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, 196 माह के वेतन एवं पेंशन एरियर तथा 10 प्रतिशत डीए/डीआर का भुगतान किया जाए। इसके अलावा लंबित चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए भी धनराशि उपलब्ध करवाने की मांग उठाई गई।
भूप राम वर्मा ने 14 सितंबर 2026 को जारी संशोधित कम्यूटेशन संबंधी अधिसूचना को वापस लेने पर विरोध जताते हुए इसे दोबारा बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि 18 सितंबर को बिलासपुर में हुई बैठक में निर्णय लिया गया था कि 17 सूत्रीय मांगपत्र पर चर्चा के लिए जॉइंट एक्शन कमेटी को नहीं बुलाने की स्थिति में प्रदेशभर में सांकेतिक धरने दिए जाएंगे।
पेंशनर्स नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों की देनदारियां लंबित रख रही है, जबकि 1 मार्च 2022 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 13 मई को सचिवालय में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने 31 जुलाई तक 40 प्रतिशत लीव इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी की राशि जारी करने की बात कही थी, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ है। इससे पेंशनर्स में रोष है।
#Pensioners #Demands #SureshSharma




