शिमला। हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के नवनियुक्त प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (IAS) से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समिति ने निगम के हितों और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को लेकर प्रबंध निदेशक के साथ विस्तार से चर्चा की।
बैठक में चालक एवं परिचालक वर्ग को 20 वर्ष की निरंतर सेवा पूरी करने पर मिलने वाली दो अतिरिक्त वेतनवृद्धियों की योजना बंद करने के निर्णय पर पुनर्विचार कर इसे वापस लेने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। समिति ने कहा कि चालक और परिचालक निगम की परिवहन व्यवस्था की रीढ़ हैं। लंबे सेवाकाल के बावजूद उन्हें पदोन्नति के पर्याप्त अवसर नहीं मिलते। ऐसे में उनके वित्तीय लाभ बंद करना उचित नहीं है।
समिति ने कार्यशाला कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति और प्लेसमेंट का मामला भी उठाया। पदाधिकारियों ने मांग की कि तकनीकी कर्मचारियों को नियमानुसार पदोन्नति और वित्तीय लाभ प्रदान किए जाएं। इसके अलावा निगम की कार्यशालाओं में कलपुर्जों, लुब्रिकेंट ऑयल, बसों की बैटरियों और टायरों की कमी पर चिंता जताई गई। समिति ने कहा कि जरूरी संसाधन उपलब्ध होने से बसों का रखरखाव बेहतर होगा और अधिक बसें सड़कों पर उतर सकेंगी, जिससे निगम की आय में भी बढ़ोतरी होगी।
समिति के अध्यक्ष समर चौहान ने कहा कि संगठन टकराव के बजाय संवाद और सहयोग के माध्यम से निगम को मजबूत बनाने में विश्वास रखता है। कर्मचारियों के जायज अधिकारों की रक्षा के साथ निगम के हितों को सुरक्षित रखना भी समिति की प्राथमिकता है।
वहीं, प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निगम की चुनौतियों का समाधान अधिकारियों, कर्मचारियों और कर्मचारी संगठनों के आपसी सहयोग, बेहतर समन्वय और टीमवर्क से किया जाएगा। उन्होंने निगम को सुदृढ़ बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर समिति के सचिव खेमेंद्र गुप्ता, प्रवक्ता एचके शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
#Hrtc #Meeting




