31 पेशियों के बाद हाईकोर्ट ने खारिज कीं एसटी दर्जे के खिलाफ सभी याचिकाएं, बोले- हाटी समुदाय का संघर्ष धैर्य, अनुशासन और शांतिप्रियता की मिसाल

मंडी। हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने के खिलाफ दायर सभी याचिकाओं को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा खारिज किए जाने के फैसले का पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने स्वागत किया है। उन्होंने इस फैसले को हाटी समुदाय के लंबे संघर्ष की बड़ी जीत बताते हुए समुदाय के लोगों को बधाई दी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि करीब छह दशक से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हाटी समुदाय को संसद से कानून पारित होने के बाद भी अपने हक के लिए दो साल से अधिक इंतजार करना पड़ा। इतने लंबे समय तक धैर्य, अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष करना अपने आप में मिसाल है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि 31 पेशियों के बाद उच्च न्यायालय का फैसला आया है, जिससे हाटी समुदाय के लोगों को उनके अधिकार मिलने का रास्ता साफ हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के बाद भी कानून को अधिसूचित करने में पांच महीने से अधिक समय लगाया गया और कांग्रेस सरकार ने इसे लागू करने में विभिन्न स्तरों पर अड़चनें पैदा कीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब सरकार समुदाय को अधिकार मिलने की प्रक्रिया में किसी तरह का व्यवधान नहीं डालेगी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि 31 पेशियों के बाद उच्च न्यायालय का फैसला आया है और अब हाटी समुदाय के लोगों को उनके अधिकार मिल सकेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कानून लागू करने में हर स्तर पर अड़चनें डालने का प्रयास किया। राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के बाद भी कानून को अधिसूचित करने में पांच महीने से अधिक का समय लगाया गया।
उन्होंने हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा दिलाने की प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने इस दिशा में गंभीरता से काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का इसमें पूरा सहयोग मिला। सितंबर 2021 में हिमाचल सरकार ने लोकुर समिति के मानदंडों के अनुरूप एथ्नोग्राफिक प्रस्ताव रिपोर्ट केंद्र को भेजी थी।

13 अप्रैल 2022 को रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया की सहमति के बाद 14 सितंबर 2022 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रस्ताव को मंजूरी दी। 16 दिसंबर 2022 को लोकसभा और 26 जुलाई 2023 को राज्यसभा में विधेयक पारित हुआ तथा 4 अगस्त 2023 को राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद यह कानून बन गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 23 सितंबर से 6 नवंबर 2023 के बीच लगातार तीन आपत्तियां दर्ज कराईं। इसके बाद 30 दिसंबर 2023 को केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय ने प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर आपत्तियों पर नाराजगी जताई। एक जनवरी 2024 को प्रदेश सरकार ने कानून लागू करने की अधिसूचना जारी की, लेकिन 4 जनवरी को उच्च न्यायालय ने इसके कार्यान्वयन पर अंतरिम रोक लगा दी थी।

जयराम ठाकुर ने इस संघर्ष में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी ओर से हाटी समुदाय को अधिकार दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया और इसका उन्हें संतोष है।

इस दौरान उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुराह के वार्षिकोत्सव में भी शिरकत की। विद्यार्थियों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने अपने स्कूल के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, आत्मविश्वास और प्रतिभा निखारने के अवसर देना जरूरी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *