कांगड़ा में 18.29 करोड़ से बना एसटीपीआई केंद्र शुरू, पांच साल में 400 युवाओं को मिलेगा रोजगार।

चैतड़ू में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने किया उद्घाटन, 15 से 20 स्टार्टअप और उभरते उद्यमियों को मिलेगी सुविधा
शिमला, 21 नवंबर। हिमाचल प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले में गग्गल हवाई अड्डे के समीप चैतड़ू में 18.29 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र से 15 से 20 उभरते उद्यमियों और स्टार्टअप को सहयोग मिलने की उम्मीद है। वहीं, अगले पांच वर्षों में यहां 350 से 400 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है।

इस केंद्र का उद्देश्य प्रदेश में आईटी इकोसिस्टम को मजबूत करना, सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना और स्टार्टअप एवं नए उद्यमियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। केंद्र में 106 प्लग-एंड-प्ले सीटें, 5,031 वर्ग फुट का रॉ इन्क्यूबेशन स्पेस और प्रबंधकों के लिए चार केबिन बनाए गए हैं। इसके अलावा 40 सीटों वाला ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस एवं मीटिंग रूम, नेटवर्क ऑपरेशंस सेंटर (एनओसी), रिसेप्शन एरिया और अतिथि कक्ष जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को सूचना प्रौद्योगिकी और निवेश के क्षेत्र में उभरते गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार आईटी कंपनियों को आकर्षित करने, स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने तथा नवाचार और उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा में एसटीपीआई केंद्र स्थापित होने से स्थानीय उद्यमियों और आईटी पेशेवरों को प्रदेश में ही आधुनिक बुनियादी ढांचा और नए अवसर मिलेंगे। सरकार तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था के निर्माण के लिए उभरते क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित कर रही है। इससे प्रतिभाशाली युवाओं को अपने प्रदेश में ही बेहतर करियर बनाने का अवसर मिलेगा और रोजगार की तलाश में होने वाले पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह केंद्र आने वाले समय में कांगड़ा क्षेत्र में आईटी गतिविधियों, नवाचार और उद्यमिता के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।

इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा, विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (नवाचार, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं सुशासन) गोकुल बुटेल, हिमाचल प्रदेश राज्य वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *