नाहन, 15 नवंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने रविवार को नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की बदहाली के खिलाफ भाजपा द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार और नाहन के विधायक पर स्वास्थ्य सेवाओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि नाहन अस्पताल आज रेफरल अस्पताल बनकर रह गया है। मरीजों को इलाज के लिए शिमला और चंडीगढ़ जाना पड़ रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी जरूरी सुविधाएं बंद हैं। पांच ऑपरेशन थिएटरों में से दो महीनों से बंद पड़े हैं।
अस्पताल भवन की छतें टपक रही हैं, सीलिंग मरीजों पर गिर रही है और शौचालयों की हालत खराब है। मरीजों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में रोगी पर्ची के शुल्क बढ़े हैं और दवाइयां, जांच तथा ऑपरेशन थिएटर का सामान बाहर से खरीदना पड़ रहा है। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर हजारों रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 260 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था और टेंडर भी हुआ था, लेकिन पिछले चार वर्षों से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। समय पर भवन बनता तो नाहन में 500 बिस्तरों का अस्पताल, आठ बड़े ऑपरेशन थिएटर और आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होतीं।
उन्होंने नर्सिंग कॉलेज के लिए स्वीकृत 70 करोड़ रुपये तथा मातृ-शिशु अस्पताल के लिए दिए गए 20 करोड़ रुपये के उपयोग पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि नर्सिंग कॉलेज वर्ष 2024 में शुरू होना था, जबकि एमसीएच के लिए वर्ष 2022 में भूमि चयन और पेड़ कटान के बावजूद निर्माण नहीं हुआ। अब वर्तमान अस्पताल से 6-7 किलोमीटर दूर एमसीएच बनाने की संभावित योजना पर भी उन्होंने आपत्ति जताई।
डॉ. बिंदल ने कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज को 32 पीजी सीटें, 42 करोड़ रुपये तथा मशीनरी के लिए आठ करोड़ रुपये मिले हैं। उन्होंने इन राशि के सदुपयोग की मांग करते हुए चेतावनी दी कि भाजपा जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ के खिलाफ आंदोलन जारी रखेगी।
#ShimlaLive #himachalnews




