शिमला, 18 सितंबर। राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के तीन दिवसीय अंतर-कॉलेज युवा महोत्सव (ग्रुप-1 रचनात्मकता) का शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। 16 से 18 सितंबर तक आयोजित महोत्सव में प्रदेश के करीब 60 महाविद्यालयों से लगभग 600 छात्र-छात्राओं ने 11 रचनात्मक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि वह कुलपति से पहले एक शोधकर्ता हैं। अपने 33 वर्ष के शोध अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि असफलताएं सफलता का महत्वपूर्ण हिस्सा होती हैं। हार व्यक्ति को रोकती नहीं, बल्कि सीखने का अवसर देती है। उन्होंने युवाओं से कड़ी मेहनत के साथ प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग की भावना से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कुलपति ने कोटशेरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान के साथ अपने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि कोटशेरा महाविद्यालय उनके लिए दूसरे घर जैसा है। उन्होंने युवाओं को आंतरिक शक्ति विकसित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में पांच अनुसंधान केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि छठे केंद्र को स्वीकृति मिल चुकी है।

मेजबान कोटशेरा कॉलेज ने प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए वाग्मिता में मिशल और कॉलाज मेकिंग में तनुज के माध्यम से प्रथम स्थान हासिल किया। वाद-विवाद में उमेश कुमार और मुकेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज में राजकीय महाविद्यालय चंबा की टीम प्रथम रही। अंग्रेजी आशुभाषण में नोहराधार कॉलेज की निधि ने पहला स्थान हासिल किया।
आयोजन सचिव डॉ. राजीव शर्मा ने बताया कि महोत्सव के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने क्विज, वाग्मिता, आशुभाषण, वाद-विवाद, डिबेट, ऑन द स्पॉट पेंटिंग, क्ले मॉडलिंग, कॉलाज, पोस्टर मेकिंग, रंगोली और कार्टूनिंग में हिस्सा लिया।

प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने महोत्सव की सफलता के लिए पीटीए, शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और छात्र स्वयंसेवकों का आभार जताया। उन्होंने एनसीसी, एनएसएस तथा रोवर्स एंड रेंजर्स के स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की। समारोह में अतिरिक्त अधिवक्ता जनरल मोहिंदर जेरेक सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

#Shimla #KotSheraCollege #HPUniversity #YuvaMahotsav #HimachalNews #Education #ShimlaLive

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *