उपमंडल स्तर पर विजेता को 51 हजार और जिला स्तर पर मिलेंगे 2 लाख रुपये, शिमला की 998 टीमों ने करवाया पंजीकरण।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत जिला और राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक और युवतियां भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताएं पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में आयोजित होंगी। जिला शिमला में अब तक 998 टीमों ने पंजीकरण करवा लिया है।
अभियान की तैयारियों को लेकर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एसडीएम, तहसीलदारों और खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और नशे के खिलाफ जनभागीदारी मजबूत करना है। खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस आयोजन के तहत क्रिकेट, बैडमिंटन (एकल एवं युगल), हॉकी, कबड्डी, रस्साकशी, वॉलीबॉल, कुश्ती और एथलेटिक्स सहित आठ खेल विधाओं को शामिल किया गया है। एथलेटिक्स में 100, 200 और 400 मीटर दौड़ आयोजित होगी। इसके अतिरिक्त फुटबॉल और बास्केटबॉल को भी खेल आयोजन में शामिल किया गया है। इन दोनों खेलों की पुरस्कार राशि युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा प्रभारी मंत्री की स्वीकृति के बाद तय की जाएगी। प्रतिभागियों की आयु का सत्यापन आधार कार्ड के माध्यम से किया जाएगा।
प्रतियोगिताएं पहले खंड स्तर, उसके बाद जिला स्तर और अंत में राज्य स्तर पर आयोजित होंगी। इच्छुक टीमें 30 नवंबर 2026 तक https://khelohimachal.hp.gov.in पर पंजीकरण करवा सकती हैं। अभियान का मेगा उद्घाटन समारोह 15 दिसंबर को धर्मशाला में होगा, जबकि 16 दिसंबर से उपमंडल स्तर पर मुकाबले शुरू होंगे। जिला शिमला में टूर्नामेंट का उद्घाटन सुन्नी उपमंडल में प्रस्तावित है।
विजेताओं पर होगी नकद पुरस्कारों की बारिश
उपमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय को 41 हजार और तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार दो लाख रुपये, द्वितीय डेढ़ लाख और तृतीय पुरस्कार एक लाख रुपये निर्धारित किया गया है। राज्य स्तर पर छह मुख्य खेल विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः 31 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये दिए जाएंगे।
वहीं, राज्य स्तर पर कुश्ती और रस्साकशी के लिए प्रथम पुरस्कार 11 लाख, द्वितीय पांच लाख और तृतीय पुरस्कार तीन लाख रुपये निर्धारित किया गया है। सभी खेलों में महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए समान पुरस्कार राशि रखी गई है।
शिमला जिले में निर्धारित किए खेल स्थल
जिला शिमला में चौपाल, डोडरा क्वार, जुब्बल, कोटखाई, कुमारसैन, कुपवी, रामपुर, रोहड़ू, शिमला ग्रामीण, शिमला शहरी, सुन्नी और ठियोग में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। चौपाल में कॉलेज ग्राउंड नेरवा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौपाल, डोडरा क्वार में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला एवं हेलिपैड क्वार को स्थल बनाया गया है।
जुब्बल में सरस्वती नगर सावड़ा कॉलेज ग्राउंड और जुब्बल स्टेडियम, कोटखाई में एचपीसीए अकादमी ग्राउंड गुम्मा और डीएवी कॉलेज, जबकि कुमारसैन में कोटेश्वर महादेव ग्राउंड में मुकाबले होंगे। कुपवी में मुख्य कुपवी ग्राउंड और खून कुपवी तथा रामपुर में पीजीयूएसएसएस रामपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर और गोविंद बल्लभ मेमोरियल कॉलेज में प्रतियोगिताएं होंगी।
रोहड़ू में आउटडोर और इंडोर स्टेडियम समाला, शिमला ग्रामीण में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा, शिमला शहरी में पुलिस ग्राउंड भराड़ी, विश्वविद्यालय ग्राउंड समरहिल और चौड़ा मैदान बैडमिंटन कोर्ट में मुकाबले होंगे। सुन्नी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुन्नी और ठियोग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संधू तथा सरोग को खेल स्थल बनाया गया है।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अगले तीन दिनों के भीतर अपने-अपने उपमंडल में संबंधित विभागों और हितधारकों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। जिला स्तरीय आयोजन के लिए जिलाधीश की अध्यक्षता में कमेटी गठित होगी, जिसमें पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पंचायत और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल रहेंगे।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, एसडीएम सन्नी शर्मा, कार्तिकेय शर्मा, सीएमओ डॉ. यशपाल रांटा और जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी राकेश धौता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
#KheloHimachal #ChittaMuktAbhiyan #ShimlaNews #HimachalNews #DrugFreeHimachal #Sports #YouthEmpowerment #ShimlaLive




