नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करों की 3.29 करोड रुपए की संपत्ति की जब्त, सीएम सुक्खू ने की तारीफ, नशा तस्करों की कमाई अब जनता की होगी : मुख्यमंत्री।

शिमला, 12 सितंबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नशे के कारोबार से करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों को अब अपनी आय का हिसाब देना होगा। नशे की कमाई से बनाई गई आलीशान कोठियां, होटल, दुकानें, जमीन और महंगी गाड़ियां अब कार्रवाई के दायरे में हैं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की कमाई का हर रुपया अब जनता का होगा।
मुख्यमंत्री ने नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए करीब 3.27 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने पर नूरपुर पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशा माफिया के पूरे नेटवर्क, उसकी आर्थिक व्यवस्था और अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। नूरपुर में जब्त संपत्तियों में आलीशान कोठी, भूमि, होटल, दुकानें, वाहन और बैंक खाते शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर में अब तक 17 मामलों में 29.95 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्रवाई नशा माफिया के लिए स्पष्ट संदेश है कि हिमाचल में उनके लिए कोई स्थान नहीं है।

सुक्खू ने कहा कि पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को नशे के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी स्वतंत्रता दी गई है तथा सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। कांग्रेस सरकार बनने के बाद पीआईटी-एनडीपीएस कानून लागू कर आदतन अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत स्तर तक नशा माफिया की मैपिंग की गई है और नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम जनता से नशे के कारोबार से संबंधित जानकारी पुलिस के साथ साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए नशे के खिलाफ लड़ाई पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *