10 हजार पेंशनरों को वार्ता के लिए बुलाकर मुख्यमंत्री के चले जाने को बताया विश्वासघात, एफआईआर वापस लेने की मांग; 15 दिसंबर से पहले पहली किस्त जारी करने का अल्टीमेटम।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों की लंबित वित्तीय मांगों को लेकर सरकार और पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के बीच टकराव बढ़ गया है। धर्मशाला के तपोवन में 19 नवंबर को हुए घटनाक्रम के बाद संघर्ष समिति के नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने से पेंशनर भड़क उठे हैं। समिति ने सरकार से एफआईआर तत्काल वापस लेने और पेंशनरों की मांगों पर बातचीत के लिए दोबारा आमंत्रित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्तर पर और तेज किया जाएगा।
समिति के प्रदेश महासचिव इंद्रपाल शर्मा, अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा, मीडिया प्रभारी सेनराम नेगी और प्रेस सचिव लाईक राम शर्मा ने संयुक्त बयान जारी कर सरकार की कार्रवाई की निंदा की। इंद्रपाल शर्मा ने कहा कि 19 नवंबर को संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर बलरामपुरी की अध्यक्षता में धर्मशाला के दाढ़ी मैदान में विशाल धरना-प्रदर्शन और जनसभा आयोजित की गई थी। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों और दुर्गम क्षेत्रों से 10 हजार से अधिक पेंशनरों ने भाग लिया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि धरने के दौरान सरकार के एक उच्च अधिकारी के माध्यम से समिति के शीर्ष 30 नेताओं को मुख्यमंत्री से बातचीत के लिए तपोवन विधानसभा परिसर बुलाया गया। लेकिन जब नेता वार्ता के लिए पहुंचे तो मुख्यमंत्री अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत हेलीकॉप्टर से देहरा और कांगू रवाना हो गए। समिति ने इसे हजारों पेंशनरों के साथ विश्वासघात करार दिया।
शर्मा ने कहा कि तपोवन के शीला चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के मामले में समिति अध्यक्ष सुरेश ठाकुर बलरामपुरी सहित छह नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना अनुचित है। सरकार को आंदोलन दबाने के बजाय लंबित मांगों का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एफआईआर से संघर्ष समाप्त नहीं होगा। समिति जल्द बैठक कर आगामी रणनीति तय करेगी और जनसंपर्क अभियान गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। मांगें पूरी नहीं होने पर आगामी चुनावों में सरकार का विरोध करने की चेतावनी भी दी गई।
15 दिसंबर से पहले पहली किस्त जारी करने की मांग
समिति के अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा ने छठे वेतन आयोग के वित्तीय लाभों के भुगतान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मधु देष्टा बनाम सरकार मामले में 31 अक्तूबर 2026 को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की खंडपीठ के फैसले के अनुसार पहली किस्त 15 दिसंबर 2026 से पहले और दूसरी किस्त 28 फरवरी 2027 से पहले जारी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग पेंशनरों को अपने अधिकारों के लिए डेढ़ साल से संघर्ष करना पड़ रहा है, जो चिंताजनक है।
संघर्ष समिति को भाजपा का सेल बताने पर आपत्ति
इंद्रपाल शर्मा ने संघर्ष समिति को भाजपा का सेल बताए जाने संबंधी मुख्यमंत्री के बयान पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति गैर राजनीतिक संगठन है और इसका किसी भी राजनीतिक दल से संबंध नहीं है। इसमें विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं के पेंशनर शामिल हैं, जो अपने लंबित वित्तीय लाभों और अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष कर रहे हैं। समिति ने सरकार से राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर पेंशनरों की मांगों का समाधान करने की मांग की।
#Pensioners #Fir




