प्रदेश विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने तकनीकी कर्मचारियों के पदोन्नति कोटे में कटौती पर जताई कड़ी आपत्ति, MD ने दिया प्रस्ताव रिव्यू करने का आश्वासन।
शिमला, 4 नवंबर। हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने तकनीकी कर्मचारियों के पदोन्नति नियमों (R&P Rules) में प्रस्तावित संशोधनों के तहत असिस्टेंट इंजीनियर (AE) इलेक्ट्रिकल के पदों पर पदोन्नति कोटे में कटौती के प्रस्ताव पर कड़ी आपत्ति जताई है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को विद्युत बोर्ड के प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी से मुलाकात कर कर्मचारियों का पक्ष रखा। इस दौरान प्रबंध निदेशक ने प्रस्ताव को रिव्यू करने का आश्वासन दिया।
संघ ने प्रबंधन को अवगत करवाया कि बोर्ड द्वारा हाल ही में वर्किंग टेबल (WTD) के एजेंडे के माध्यम से पदोन्नति कोटे में कटौती का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि फीडिंग कैटेगरी के माध्यम से AE इलेक्ट्रिकल के पदों पर पदोन्नति के लिए निर्धारित कोटे में भारी कटौती से वर्षों से विभाग में सेवाएं दे रहे तकनीकी कर्मचारियों के पदोन्नति अवसर प्रभावित होंगे। संघ ने प्रबंधन से कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की मांग की।
बैठक में संघ द्वारा पूर्व में सौंपे गए मांग पत्र में शामिल विभिन्न लंबित मांगों एवं कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा के लिए प्रबंधन के साथ अलग बैठक आयोजित करने का आग्रह भी किया गया। इस पर प्रबंध निदेशक ने दिवाली के बाद बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया।1984 हाई वोल्टेज डिटेक्टर खरीदे, फील्ड कर्मचारियों को जल्द मिलेंगे।
संघ ने बताया कि 17 जून 2025 को प्रबंधन के साथ हुई बैठक में हाई वोल्टेज डिटेक्टर की केंद्रीकृत खरीद पर सहमति बनी थी। इसके तहत विद्युत बोर्ड द्वारा अब 1984 हाई वोल्टेज डिटेक्टर खरीदे जा चुके हैं, जिन्हें जल्द ही फील्ड में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को उपलब्ध करवाया जाएगा।
इन उपकरणों की मदद से पोल पर चढ़ने से पहले लाइन में विद्युत करंट अथवा वोल्टेज की मौजूदगी का पता लगाया जा सकेगा। इससे फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा मजबूत होगी तथा विद्युत दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
संघ ने उम्मीद जताई कि प्रबंधन कर्मचारियों की जायज मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएगा। संघ ने पदोन्नति के अवसरों, कर्मचारियों के अधिकारों और कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
#HPSEB




