( तीसा ब्लॉक के पदाधिकारियों ने संभाली आंदोलन की कमान)
शिक्षकों की मांगें पूरी करने की अपील, शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में होगा विशाल धरना-प्रदर्शन
शिमला, 12 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन सोमवार को 79वें दिन भी निदेशालय, स्कूल शिक्षा, शिमला में जारी रहा। आंदोलन के तहत जिला चम्बा के पीटीएफ ब्लॉक तिस्सा के पदाधिकारियों ने अनशन में भाग लेकर शिक्षकों की न्यायोचित मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।
क्रमिक अनशन में पीटीएफ ब्लॉक तिस्सा के अध्यक्ष दुनी चन्द शर्मा, महासचिव महाराज सिंह, कोषाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह जरयाल तथा सदस्य बसंत सिंह और सोवन सिंह शामिल हुए। शिक्षकों ने प्रदेश सरकार से उनकी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।
संघ के अनुसार, यह आंदोलन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और गांधीवादी विचारों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। दो अक्तूबर को शिमला से राज्य, जिला और खंड स्तर के पदाधिकारियों सहित महिला विंग ने काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य करने के कार्यक्रम की शुरुआत की थी। तीन अक्तूबर से पूरे प्रदेश में शिक्षक और एमडीएम वर्कर भी काले बिल्ले लगाकर कार्य कर रहे हैं।
संघ ने बताया कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को शिक्षकों की मांगों से संबंधित मांग-पत्र सौंपा जाएगा। वहीं, शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि आंदोलन की शुरुआत 11 जुलाई 2026 को पैदल न्याय यात्रा के माध्यम से शिमला पहुंचने के बाद हुई। इसके पश्चात 26 जुलाई को चौड़ा मैदान, शिमला में विशाल धरना आयोजित किया गया और फिर क्रमिक अनशन शुरू किया गया।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक शिक्षकों की न्यायोचित मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन एकजुटता, अनुशासन और गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा।
#ShimlaLive #HimachalNews #प्राथमिकशिक्षकसंघ #शिक्षकआंदोलन #Shimla




