राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य पर अभाविप जिला शिमला ने आयोजित किया युवती सम्मेलन ‘ओजस्विनी’, आत्मविश्वास और नेतृत्व विकास पर दिया जोर।
शिमला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जिला शिमला की ओर से युवती सम्मेलन ‘ओजस्विनी’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लेकर युवतियों को समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय रेड क्रॉस प्रबंधन समिति की सदस्य डॉ. साधना ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रांत प्रबुद्ध महिला संपर्क प्रमुख अधिवक्ता शीतल व्यास ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि महिला समाजसेवी दीपाली राठौर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर अभाविप हिमाचल प्रदेश की प्रदेश मंत्री नैन्सी अटल और महिला समाजसेवी अनु वर्मा की विशेष उपस्थिति रही।
सम्मेलन में युवतियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय विषयों के प्रति जागरूक करने के साथ आत्मनिर्भरता, निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व कौशल विकसित करने के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि वर्तमान समय में महिलाएं परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य, राजनीति, विज्ञान और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में आयोजित इस सम्मेलन में भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों, महिला सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण में युवतियों की भूमिका को रेखांकित किया गया। भारतीय इतिहास में महिलाओं के साहस, त्याग, संघर्ष और नेतृत्व से प्रेरणा लेते हुए युवतियों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया।
अभाविप जिला शिमला के अनुसार युवतियों का सर्वांगीण विकास, शिक्षा के प्रति जागरूकता, सामाजिक कुरीतियों का सामना करने की क्षमता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना ऐसे आयोजनों के प्रमुख उद्देश्य हैं। सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं की सहभागिता को युवतियों के लिए प्रेरणादायी बताया गया।
परिषद का मानना है कि राष्ट्र का समग्र विकास तभी संभव है, जब युवाओं के साथ युवतियों को भी अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। ‘ओजस्विनी’ सम्मेलन इसी दिशा में एक सार्थक पहल रहा। अभाविप ने भविष्य में भी व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियां जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
#ShimlaLive #ABVP #Ojaswini #ShimlaNews #HimachalNews #महिलासशक्तिकरण




