लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें अधिकारी: अनुपम कश्यप।

उपायुक्त ने बीडीओ, एक्सईएन और एसडीएम डोडरा क्वार के साथ की वर्चुअल समीक्षा बैठक, डोडरा क्वार की लंबित योजनाओं की धनराशि वापस नहीं लेने के निर्देश

शिमला, 19 नवंबर। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने जिला के सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ), अधिशासी अभियंताओं (एक्सईएन) तथा उपमंडलाधिकारी डोडरा क्वार के साथ वर्चुअल बैठक कर केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयावधि में पूरा करें, ताकि आम जनता को इनका लाभ मिल सके।

बैठक में उपायुक्त ने लंबे समय से लंबित और अभी तक शुरू नहीं हुए विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। जिन कार्यों को आगे जारी रखना संभव नहीं है, उनकी धनराशि नियमानुसार वापस करने की प्रक्रिया अपनाई जाए, ताकि उसका उपयोग अन्य जरूरी विकास कार्यों में किया जा सके। वहीं, पूर्ण हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) शीघ्र उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को ई-साक्षी पोर्टल पर विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति नियमित रूप से अपडेट करने को कहा। एमपीलैड्स के तहत स्वीकृत कार्यों की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने, विक्रेताओं को समय पर भुगतान करने, पूर्ण कार्यों का भौतिक निरीक्षण और जियो-टैगिंग करवाने तथा आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।

डोडरा क्वार को मिलेगी विशेष प्राथमिकता
उपायुक्त ने डोडरा क्वार के विकास को विशेष प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट किया कि इस क्षेत्र को लंबित योजनाओं की धनराशि वापस करने संबंधी सूची से बाहर रखा गया है। उन्होंने कहा कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संपर्क सुविधाओं के कारण यहां विकास कार्यों को पूरा करने में अधिक समय लग सकता है। इसलिए स्वीकृत धनराशि वापस लेने के बजाय लंबित कार्यों को आगे बढ़ाया जाए, ताकि क्षेत्र में सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो सके।

योजनाओं का प्रदर्शन सुधारने के निर्देश
उपायुक्त ने वीबी-जीरामजी और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिला के प्रदर्शन पर असंतोष जताते हुए बीडीओ को पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने वीबी-जीरामजी के तहत लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री की संस्तुतियों और विधायक क्षेत्र विकास निधि योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों के प्राक्कलन व दस्तावेज भी प्राथमिकता से तैयार करने को कहा।

इसके अतिरिक्त सभी बीडीओ और अधिशासी अभियंताओं से पिछले दो वर्षों में किए गए उत्कृष्ट विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी दो दिनों के भीतर उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत सचिवों और सहायकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, जिला योजना अधिकारी डॉ. निवेदिता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *