शिमला। राजधानी शिमला के लक्कड़ बाजार में बीती रात एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ईश्वर दास (45) पुत्र गणेश दत्त, निवासी धार कुफर, डाकखाना रोड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईश्वर दास की पत्नी आईजीएमसी शिमला में उपचाराधीन है। वह अपनी पत्नी के लिए दवाई लेने लक्कड़ बाजार गया हुआ था। इसी दौरान रात के समय वह सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला के शवगृह में रखवाया है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। मामले में आगामी जांच जारी है।
