(शिक्षा और खेलों को बढ़ावा देना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता: रोहित ठाकुर, कुपवी में 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित, 655 खिलाड़ियों ने लिया भाग; सोलन जिला ऑल राउंड बेस्ट)
शिमला, 14 अक्तूबर। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। वह बुधवार को पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुपवी में आयोजित 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों और सात खेल छात्रावासों के 655 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, कुराश और ठोडा के मुकाबले आयोजित किए गए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना विकसित करते हैं। खेल उपलब्धियों के आधार पर तीन प्रतिशत कोटे के तहत अब तक 300 से अधिक खिलाड़ियों को रोजगार दिया गया है। खिलाड़ियों की डाइट मनी में भी वृद्धि की गई है। प्रदेश में खेल छात्रावासों की संख्या आठ से बढ़ाकर 11 की गई है। उन्होंने कुपवी और नेरवा में खेल छात्रावास स्थापित करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही। गत वर्ष राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 48 पदक जीते।
शिक्षा विभाग में भरे जाएंगे छह हजार पद
रोहित ठाकुर ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में लगभग 9,000 पद भरे जा चुके हैं, जबकि छह हजार अन्य पद भरने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। पहले चरण में 147 सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध करने की पहल की गई है, जिसमें कुपवी विद्यालय भी शामिल है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में हिमाचल 21वें से तीसरे और परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में 18वें से तीसरे स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ हिमाचल, गोवा के बाद देश का दूसरा पूर्ण साक्षर राज्य बना है।
उन्होंने बताया कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा संबंधी विभिन्न कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कुपवी विद्यालय में 10 अध्यापकों के पद भरे जा चुके हैं तथा अन्य रिक्त पदों को भी प्राथमिकता से भरने के प्रयास होंगे।
सोलन ने जीता ऑल राउंड बेस्ट का खिताब
प्रतियोगिता में सोलन जिला ऑल राउंड बेस्ट रहा। वॉलीबॉल में शिमला प्रथम और मंडी द्वितीय, कबड्डी में सोलन प्रथम और ऊना द्वितीय, खो-खो में हमीरपुर प्रथम और मंडी द्वितीय तथा कुराश में सोलन प्रथम और हमीरपुर द्वितीय रहा। ठोडा में शिमला प्रथम और सिरमौर द्वितीय स्थान पर रहा। संधोल खेल छात्रावास वॉलीबॉल में स्टेट विनर रहा।
कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसके लिए शिक्षा मंत्री ने 15 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय द्वारा तैयार स्मारिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, एसडीएम और डीएसपी कुपवी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
#Shimla #Kupvi #HimachalNews #RohitThakur #Education #Sports #HimachalPradesh




