(आईआईटी रुड़की एक सप्ताह में सौंपेगी क्षतिग्रस्त भवनों की विस्तृत रिपोर्ट, दरारों के चलते बंद है टनल निर्माण कार्य)
शिमला, 17 अक्तूबर। संजौली-भटाकुफर-ढली क्षेत्र में फोरलेन टनल निर्माण के दौरान आवासीय भवनों में आई दरारों और निर्माण कार्य से जुड़े निर्देशों की अनुपालना नहीं होने के मामले में जिला प्रशासन ने कमेटी गठित की है। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने शनिवार को फोरलेन प्रभावित समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा की। कमेटी को 22 अक्तूबर को मौके का निरीक्षण कर टनल निर्माण कार्य की नवीनतम स्थिति पर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में निर्माणाधीन भूमिगत टनल की ब्लास्टिंग के कारण संजौली, भटाकुफर और ढली के आवासीय क्षेत्रों में भवनों में आई दरारों का मामला प्रमुखता से उठा। प्रभावित समिति के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन की ओर से फोरलेन कंपनियों को जारी निर्देशों की अनुपालना नहीं होने पर भी चिंता जताई। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कंपनी की ओर से चोरी-छिपे टनल निर्माण कार्य किए जाने का मामला भी उठाया गया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने मामले की पड़ताल के लिए दोनों अतिरिक्त जिला दंडाधिकारियों की अध्यक्षता में कमेटी गठित की है। इसमें उपमंडल दंडाधिकारी शिमला ग्रामीण, लोक निर्माण विभाग के कसुम्पटी वृत्त के अधिशासी अभियंता और तहसीलदार शिमला ग्रामीण को सदस्य बनाया गया है। कमेटी 22 अक्तूबर को मौके का निरीक्षण कर टनल निर्माण की मौजूदा स्थिति का आकलन करेगी और अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी।
बैठक में बताया गया कि आवासीय भवनों में दरारें आने के मामले को देखते हुए फिलहाल फोरलेन टनल का निर्माण कार्य बंद किया गया है। प्रभावित क्षेत्र और क्षतिग्रस्त भवनों का तकनीकी निरीक्षण करने के लिए आईआईटी रुड़की की टीम को नियुक्त किया गया है। टीम टनल और आसपास के प्रभावित क्षेत्र का एक बार दौरा कर चुकी है। अब टीम को आगामी एक सप्ताह के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपनी है।
प्रशासन के अनुसार, आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट के आधार पर टनल निर्माण से संबंधित आगामी निर्णय लिया जाएगा। इससे प्रभावित भवनों की स्थिति और निर्माण कार्य के संबंध में आगे की कार्रवाई तय करने में मदद मिलेगी।
बैठक में एडीएम कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, एडीएम प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, जिला राजस्व अधिकारी शिवानी भारद्वाज, फोरलेन प्रभावित समिति के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
#ShimlaLive #HimachalNews #Shimla #FourLaneTunnel #Sanjauli #Dhalli #Bhattakufar




