रामपुर से संजौली तक नशे पर शिकंजा, 5 आरोपी गिरफ्तार; 37 ग्राम चिट्टा और 7 ग्राम MDM बरामद।
शिमला/रामपुर। जिला पुलिस शिमला ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर और संजौली में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 37 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 7 ग्राम MDM बरामद किया है। दोनों मामलों में ND&PS Act के तहत मुकदमे दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
रामपुर में तीन आरोपी गिरफ्तार, 13 ग्राम चिट्टा बरामद
पुलिस थाना रामपुर की टीम ने 5 सितंबर 2026 को रचोली क्षेत्र में गश्त के दौरान दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहले मामले में पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में कमलवीर (34) पुत्र राम कुमार, निवासी ठोल इस्लामाबाद, तहसील शाहबाद, जिला कुरुक्षेत्र, हरियाणा को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 7 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना रामपुर में FIR संख्या 91/2026, दिनांक 05.09.2026, धारा 21 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसी दिन रचोली क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जतिंदर सिंह (30) पुत्र दरबार सिंह, निवासी जोली, तहसील डेराबसी, जिला एस.ए.एस. नगर, पंजाब और राजा नेगी (30) पुत्र जगदीश नेगी, निवासी झाकड़ी, तहसील रामपुर, जिला शिमला को करीब 6 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में FIR संख्या 92/2026, धारा 21 व 29 ND&PS Act के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
संजौली में 24 ग्राम चिट्टा और 7 ग्राम MDM बरामद
वहीं, पुलिस थाना संजौली की टीम ने 4 सितंबर 2026 को लक्ष्मी नारायण मंदिर, संजौली के पास गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर बतीश कॉलोनी के पास कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति चिट्टा व अन्य नशीले पदार्थ बेचने की नीयत से घूम रहे हैं।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों के बैगों की तलाशी ली, जिसमें करीब 24 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 7 ग्राम MDM बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान बलदेव सिंह (45) पुत्र लाभ सिंह, निवासी सेक्टर 41-डी, चंडीगढ़ और साहिल (23) पुत्र संतोष कुमार, निवासी देवग, तहसील सुन्नी, जिला शिमला के रूप में हुई है।
इस मामले में FIR संख्या 65/2026, दिनांक 04.09.2026, धारा 21 व 29 ND&PS Act, पुलिस थाना संजौली के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
