शिमला में नशे के खिलाफ पुलिस का शिकंजा, तीन मामलों में 53.56 ग्राम चिट्टा बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार।

शिमला। शिमला पुलिस द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मामलों में कुल 53.56 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। इन मामलों में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

कोटखाई में 29.43 ग्राम चिट्टा बरामद: पुलिस थाना कोटखाई के तहत डिटेक्शन सेल ठियोग की टीम गश्त एवं नशीले पदार्थों की तलाश के दौरान कोकूनाला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति गुम्मा बाजार के समीप पुलिस गुमटी के सामने कार में चिट्टा लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अंकित वर्मा (33), निवासी कोटखाई के कब्जे से 29.43 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस थाना कोटखाई में आरोपी के खिलाफ धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

ढली में दो आरोपियों से 3.5 ग्राम हेरोइन बरामद: पुलिस थाना ढली की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिनेश कुमार (30), निवासी मनीमाजरा, चंडीगढ़ और शालू (30), निवासी चंडीगढ़ को पकड़ा। दोनों के कब्जे से 3.500 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 21 व 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

रामपुर में 20.630 ग्राम चिट्टा और नकदी बरामद: पुलिस थाना रामपुर की टीम ने गश्त एवं अपराध निरोधक ड्यूटी के दौरान ल्हासा स्थित रेन शेल्टर के समीप एक व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी में 20.630 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 330 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी की पहचान शिवम कुमार (28), निवासी पंजाब के रूप में हुई है। उसके खिलाफ धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है और मामलों की आगामी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित न्यायालयों के समक्ष पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *