शिमला जिला परिषद चुनाव में भाजपा की जीत लोकतंत्र की जीत और तनाशाही की हार नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर।
शिमला, 10 सितंबर। शिमला जिला परिषद अध्यक्ष पद पर भूपेंद्र सिंह सिसोदिया और उपाध्यक्ष पद पर भारत सिंह कलांटा की जीत के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस चुनाव में सत्ता के कथित दुरुपयोग और दबाव की राजनीति की हार हुई है तथा लोकतंत्र और जनादेश की जीत हुई है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार ने भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्यों पर दबाव बनाने और उन्हें प्रभावित करने के कई प्रयास किए, लेकिन कोई भी हथकंडा काम नहीं आया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पंचायत चुनावों में लगातार मिल रही हार से सबक लेना चाहिए और संविधान, लोकतंत्र तथा जनता के जनादेश का सम्मान करना सीखना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि हिमाचल के 11 जिलों में हुए जिला परिषद चुनावों में 10 जिलों में भाजपा ने बेहतर प्रदर्शन किया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कई स्थानों पर कांग्रेस को प्रत्याशी उतारने में भी परेशानी हुई। शिमला जिला परिषद के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 25 सदस्यों में 13 भाजपा और 12 कांग्रेस से जुड़े थे, लेकिन उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 14 वोट मिले। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस अपने सदस्यों को भी एकजुट नहीं रख पाई।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री सुक्खू को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार का ‘सेमीफाइनल’ बुरी तरह हार चुका है और आने वाले चुनावों में कांग्रेस की स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने कहा कि संविधान की किताब हाथ में लेकर खुद को लोकतांत्रिक बताना पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवहार में भी लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना जरूरी है।
चंडीगढ़ में बनी रणनीति का किया जिक्र
जयराम ठाकुर ने बताया कि जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव से पहले चंडीगढ़ में भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्यों, शिमला जिले के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति तैयार की गई थी। उन्होंने दावा किया कि सरकार के दबाव के बावजूद भाजपा समर्थित सदस्य एकजुट रहे। उन्होंने चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों का समर्थन करने वाले सभी जिला परिषद सदस्यों का आभार जताया।
#शिमला #जिला_परिषद_चुनाव #जयराम_ठाकुर #भाजपा #कांग्रेस #सुखविंदर_सिंह_सुक्खू #हिमाचल_प्रदेश #राजनीति #पंचायत_चुनाव #Shimla #HimachalPradesh
