अर्की में भाजपा का कांग्रेस सरकार पर हमला, जयराम ने सीएम को ‘ताले वाले मुख्यमंत्री बताया’ डॉक्टर बिंदल ने मुख्यमंत्री को महिलाओं के 72000 रूपये का हिसाब देने को कहा।

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा नेताओं ने भरी हुंकार, कांग्रेस सरकार की गारंटियों और कार्यप्रणाली पर साधा निशाना।

अर्की/सोलन। सोलन जिले के अर्की विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भाजपा के जनप्रतिनिधि सम्मेलन और पंचायती राज एवं नगर निकाय जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने चुनावी गारंटियों, संस्थानों को बंद करने, बिजली बिलों और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा। दोनों नेताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हाल ही में संपन्न पंचायती राज चुनावों में प्रधान, बीडीसी और जिला परिषद के चुनावों में भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों की जीत कांग्रेस सरकार के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार को नकार दिया है। उन्होंने कांग्रेस की 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की 28 लाख महिलाओं को चार साल के 72 हजार रुपये देने होंगे। कांग्रेस ने माताओं-बहनों के साथ धोखा किया है। धर्मशाला में महिला अधिकारों को लेकर आयोजित धरने में भी यह मांग प्रमुखता से उठी है।

बिंदल ने पांच लाख युवाओं को पक्की नौकरी देने की गारंटी पर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि युवा पूछ रहे हैं कि कांग्रेस की रोजगार गारंटी कहां गई। उन्होंने बिजली के बढ़ते बिलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि आम जनता आर्थिक बोझ से परेशान है।

वहीं, जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए हिमाचल को ‘ताले वाला मुख्यमंत्री’ मिलने की टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए करीब ढाई हजार संस्थानों को बंद कर दिया। उन्होंने अपनी पहली कैबिनेट का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बुजुर्गों की पेंशन के लिए आयु सीमा 80 से घटाकर 60 वर्ष करने का निर्णय लिया था।

मुख्यमंत्री के लंबे समय तक सरकार चलाने के बयान पर जयराम ठाकुर ने कहा, “आपकी उम्र लंबी हो मुख्यमंत्री जी, लेकिन आपकी सरकार की उम्र लंबी नहीं हो सकती।”
दोनों नेताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी। कार्यक्रम में सांसद सुरेश कश्यप सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

#JairamThakur #BjphimachalPardesh #DrRajeevBindal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *