हरोली विकास का मॉडल, 2027 के चुनाव में 50 हजार वोट लेने का लक्ष्य, भाजपा के पास गाली-गलौज के अलावा कोई एजेंडा नहीं: मुकेश अग्निहोत्री।
ऊना, 12 सितंबर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस विकास, जनकल्याण और गरीब की सेवा की राजनीति कर रही है, जबकि भाजपा के पास चुनाव के नाम पर गाली-गलौज के अलावा कोई ठोस एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं में उन्हें सबसे ज्यादा गाली देने की होड़ लगी है। भाजपा का वनवास 25 वर्ष का हो चुका है और हरोली की जनता पिछले 25 वर्षों से उसे लगातार नकार रही है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा में एक दर्जन से अधिक टिकटार्थी हैं और सभी की लड़ाई टिकट के लिए है। कांग्रेस से जुड़े लोग पिछली बार 40 हजार वोट लेने के बाद इस बार 50 हजार वोट का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी चिट्टे और कभी माइनिंग का मुद्दा उठाती है, लेकिन विकास और जनता के हित से जुड़ा कोई एजेंडा उसके पास नहीं है। उन्होंने कहा कि हरोली में विकास का काम प्यार और शालीनता के साथ जारी रहेगा तथा लोकतंत्र की सबसे बड़ी इकाई चुनाव है। उन्होंने भाजपा नेताओं से कहा कि चुनाव मैदान में आकर मुकाबला करें।
उप मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकाल में हरोली में हुई कथित माइनिंग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खनन सामग्री से भरी गाड़ियों के पंजाब तक पहुंचने के वीडियो मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार चिट्टे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और संपत्ति जब्त करने से लेकर सरकारी नौकरी से बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि हरोली आज विकास का मॉडल बन चुका है। क्षेत्र में कॉलेज, सड़क नेटवर्क, पुल, पेयजल और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि हरोली के बच्चे नीट और युवा एचएएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं, जो क्षेत्र में हुए विकास का प्रमाण है।
इससे पहले व्यवसायिक प्रोत्साहन केंद्र गोंदपुर बुल्ला में मुकेश अग्निहोत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने नौ लाभार्थियों को चिकित्सा उपचार के लिए कुल 3.60 लाख रुपये की वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए। वहीं ललड़ी निवासी वृंदा को उच्च शिक्षा के लिए एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई।
मुकेश अग्निहोत्री ने श्री गुरुदास मंदिर भदसाली में निशान साहेब स्थापना समारोह में भी भाग लिया। मंदिर के नव निर्मित परिसर पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। उन्होंने कहा कि शीतला माता मंदिर के निर्माण पर पांच करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसमें तीन करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र में मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं विकास पर सरकार लगातार कार्य कर रही है।
#mukeshAgnihotri #HpCongress #VinayKumar #Haroli
