शिमला। नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर फाजिल्का और चंडीगढ़ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन तक पहुंचने का दावा किया है।
पहला मामला पुलिस थाना ढली में दर्ज अभियोग संख्या 84/2026 से संबंधित है। 28 अगस्त को भट्टाकुफर-ढली टनल मार्ग पर पुलिस ने एक टैक्सी/कार की जांच के दौरान सुन्नी निवासी 25 वर्षीय दुष्यंत वर्मा और आनी निवासी 24 वर्षीय अक्षय शर्मा को पकड़ा था। तलाशी में दोनों के कब्जे से 6.5 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ था। मामले की जांच में सामने आया कि अजय कुमार ने कथित तौर पर यह चिट्टा फाजिल्का क्षेत्र से प्राप्त कर मोहाली में अक्षय शर्मा को सप्लाई किया था। जांच में दोनों के बीच 10,500 रुपये के वित्तीय लेन-देन और फोन संपर्क की जानकारी भी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने 14 सितंबर को गांव मोजेवाला, तहसील जलालाबाद, जिला फाजिल्का से 24 वर्षीय अजय कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है।

दूसरा मामला पुलिस थाना सदर में दर्ज अभियोग संख्या 119/2026 का है। 8 सितंबर को कृष्णानगर निवासी सनमजीत और सुमित सपरा को 5 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस को मनीमाजरा, चंडीगढ़ निवासी 31 वर्षीय गौरव तिशावर की कथित संलिप्तता का पता चला। पुलिस ने उसे मनीमाजरा से गिरफ्तार किया। आरोपी एक सहकारी बैंक में कार्यरत बताया गया है। पुलिस के अनुसार, उसकी रिहाइश से 9.31 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों मामलों में पुलिस की आगामी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *