शिमला, 17 सितंबर। नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए भांग की अवैध खेती और अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसा है। कुपवी में पुलिस ने अवैध रूप से उगाए गए 791 भांग के पौधों को नष्ट किया, जबकि रामपुर में पुलिस ने दो लोगों के कब्जे से करीब 1,488 बोतलें अवैध शराब और बीयर बरामद की हैं। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

कुपवी पुलिस ने 15 सितंबर को गश्त के दौरान मालत, कोठी और जुब्बली क्षेत्र में मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। सूचना थी कि मंगत राम निवासी तहसील कुपवी ने अपने खेतों में अवैध रूप से भांग की खेती कर रखी है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित खेतों की जांच की। पटवारी से भूमि की पहचान करवाने के बाद नायब तहसीलदार कुपवी की मौजूदगी में भांग के पौधों को उखाड़ा गया। मौके से कुल 811 पौधे पाए गए, जिनमें से 20 पौधों को नमूने के तौर पर जब्त किया गया और शेष 791 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस मामले में थाना कुपवी में अभियोग संख्या 26/2026, धारा 20 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं, रामपुर पुलिस ने 17 सितंबर को उमरी मोड़ पर गश्त और चेकिंग के दौरान दीपक भारद्वाज (29) निवासी रामपुर और सुखा नंद निवासी रामपुर को अवैध शराब एवं बीयर के साथ पकड़ा। पुलिस के अनुसार दोनों के कब्जे से कुल करीब 1,488 बोतलें बरामद हुईं। इनमें 1,140 बोतलें ऊना नंबर-01, 108 थंडर बोल्ट बीयर, 96 ओल्ड मोंक, 60 ICONIQ White और 84 Royal Stag शामिल हैं। इस संबंध में थाना रामपुर में FIR संख्या 103/2026, धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच और आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।

#ShimlaPolice #ShimlaNews #DrugFreeShimla #NDPSAct #IllegalLiquor #Kupvi #Rampur #HimachalPradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *