सुक्खू सरकार में विकास ठप, भ्रष्टाचार चरम पर और कर्ज का नया रिकॉर्ड : जयराम
शिलाई। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुक्खू सरकार पर विकास कार्य रोकने, भ्रष्टाचार और बढ़ते कर्ज को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में कोई नई योजना शुरू नहीं हुई और प्रदेश में आज भी भाजपा सरकार के समय शुरू की गई विकास योजनाओं का ही जिक्र होता है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार ने बजट प्रावधान और जनता की मांग पर खोले गए करीब ढाई हजार शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संस्थानों को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के बजाय बदले की भावना से काम कर रही है।
उन्होंने हाल में हुए पंचायतीराज एवं स्थानीय निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि भाजपा ने अपनी विचारधारा से जुड़े 80 प्रतिशत जनप्रतिनिधियों को जीत दिलाई तथा 11 में से 10 जिला परिषदों और तीन नगर निगमों में जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर भी निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री पर हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कांग्रेस के एक मंत्री के पूर्व विधायक पुत्र द्वारा मुख्यमंत्री पर लगाए गए आरोपों का भी जिक्र किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने किशाऊ परियोजना और प्रदेश के बढ़ते कर्ज को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि किशाऊ परियोजना छह राज्यों की सहमति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्तक्षेप के बाद आगे बढ़ी। जयराम ठाकुर के अनुसार, उनके कार्यकाल में करीब 19,600 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था, जबकि सुक्खू सरकार ने साढ़े तीन साल में करीब 50,000 करोड़ रुपये का नया ऋण लिया, जिससे प्रदेश का कुल कर्ज 1.20 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
शिलाई में उन्होंने हाटी समुदाय के साथ अपने संबंधों को दोहराते हुए कहा कि हाटी ने रिश्ता जोड़ा है तो भाजपा इसे पूरी शिद्दत से निभाएगी। कार्यक्रम में विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में उन्होंने दिवंगत भाजपा नेता विनय गुप्ता को श्रद्धांजलि दी।
#ShimlaLive #HimachalNews #Shilai #JairamThakur #BJP #SukhuGovernment #HatiCommunity #HimachalPradesh #PoliticalNews
