शिमला। नशा तस्करी के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए शिमला पुलिस ने आरोपियों की अवैध कमाई और उससे अर्जित संपत्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन एनडीपीएस मामलों में वित्तीय जांच के आधार पर करीब 40 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चल-अचल और वित्तीय संपत्तियां जब्त की हैं। इनमें लग्जरी वाहन, मोटरसाइकिल, स्कूटी और बैंक खातों में जमा धनराशि शामिल है। पुलिस अब नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के साथ ही इससे अर्जित अवैध संपत्ति पर भी कार्रवाई कर रही है।

तीन एनडीपीएस मामलों में वित्तीय जांच के बाद वाहन, बैंक खातों और अन्य संपत्तियों पर कार्रवाई, 2026 में अब तक 12.5 करोड़ से अधिक की संपत्ति सीज

 

पुलिस के अनुसार, बालूगंज थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 27/26 में करीब 23 लाख रुपये की संपत्ति सीज की गई है। 23 फरवरी 2026 को आईएसबीटी शिमला के समीप अविनाश चौहान से सात ग्राम चिट्टा बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। जांच में विशाल यादव, जय प्रकाश यादव और रवि अहिरवार को भी गिरफ्तार किया गया। वित्तीय जांच में सामने आया कि विशाल यादव ने अपने भाई जय प्रकाश यादव के नाम पर अप्रैल 2026 में करीब 22 लाख रुपये की स्कॉर्पियो-एन खरीदी थी। वहीं, विशाल के बैंक खाते में जनवरी 2025 से अगस्त 2026 तक करीब एक करोड़ रुपये का लेन-देन पाया गया, जबकि आय का कोई वैध स्रोत सामने नहीं आया। इसके आधार पर वाहन और बैंक खाते की शेष राशि जब्त की गई।
रामपुर थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 52/2025 में पुलिस ने करीब 9.5 लाख रुपये की संपत्ति सीज की है। 13 मई 2025 को कुडीधार क्षेत्र में एक किराये के कमरे से 31 ग्राम चिट्टा और 50,400 रुपये नकद बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वित्तीय जांच में एक कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी सहित ऐसी संपत्तियों की पहचान हुई, जिनका वैध आय स्रोत नहीं मिला।

वहीं, एफआईआर नंबर 64/2025 में 25 जून 2025 को नोगली बाजार के समीप मनसा राम उर्फ मनीष को 2.5 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच में उसके बैंक और डाकघर खातों से करीब आठ लाख रुपये की संदिग्ध धनराशि सामने आई, जिसे सीज किया गया।

शिमला पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस मामलों में वित्तीय जांच के माध्यम से 12.5 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। वर्ष 2024 और 2025 में इस तरह की वित्तीय जांच और संपत्ति जब्ती नहीं हुई थी।
#ShimlaPolice #Spshimla #Arrest #Seized #ShimlaNews #HimachalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *