शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गांवों के लोगों की आय बढ़ाने को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर पैसा सीधे गांवों की अर्थव्यवस्था तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को शिमला जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने शिंगला हेलीपैड में 232.93 करोड़ रुपये की लागत वाली 28 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए।

मुख्यमंत्री ने रामपुर तहसील की ग्राम पंचायत भड़ावली में 4.83 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना, रामपुर के वार्ड नंबर-8 डकोलड़ में 8.36 करोड़ रुपये की सीवरेज प्रणाली, देवनगर पंचायत में प्लानू से शलून तक 2.56 करोड़ रुपये की प्रवाह सिंचाई योजना, खानरी में एमजीएमएससी अस्पताल खनेरी को सीवरेज से जोड़ने के लिए 71 लाख रुपये की कनेक्टिविटी, देलठ में 2.56 करोड़ रुपये के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और गानवी खड्ड पर 1.84 करोड़ रुपये की लागत से बने बैली ब्रिज का लोकार्पण किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विभिन्न सड़कों के निर्माण और उन्नयन कार्यों का भूमि पूजन किया। इनमें

टिक्कर-जरोल-गाहन-ननखड़ी-खमाड़ी सड़क के उन्नयन के लिए 35.93 करोड़ और 54.87 करोड़ रुपये की लागत के कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अस्पताल कॉलोनी से सरलाप्रोग, कोटला-कुन्नी, राजपुरा-दरशाल, उरू-धार, सवान-दोई, सेरी पुल-अणुराक्षी, पलजारा-गिन्छा-पेई, कूट-किन्फी सहित क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण और सुधार कार्य भी शामिल हैं। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद सभी क्षेत्रों का समान और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने दूध का खरीद मूल्य 32 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर लगभग दोगुना कर दिया है, जिससे किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि हुई है। वहीं, मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सेब का खरीद मूल्य एक रुपये बढ़ाकर 13 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है।

सुक्खू ने कहा कि टिक्कर-जरोल-गाहन सड़क के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। सड़क बनने से क्षेत्र के सेब बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने किशाऊ बांध परियोजना को लेकर कहा कि इसमें हिमाचल प्रदेश के हितों को सुनिश्चित किया गया है। परियोजना के निर्माण के बाद प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये का लाभ होने की उम्मीद है। इससे प्राप्त राजस्व से शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं को विकसित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पाट गांव में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में भी वह ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं के आधार पर आवश्यक योजनाओं को बजट में शामिल किया जाएगा।

इससे पहले रामपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक नंदलाल, मिल्कफेड के चेयरमैन बुद्धि सिंह ठाकुर, हिमकोन के चेयरमैन विकेश चौहान, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, पूर्व विधायक किशोरीलाल, उपायुक्त अनुभव कश्यप और पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
#ShimlaLive #HimachalNews #Rampur #SukhvinderSinghSukhu

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *