शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लाहौल-स्पीति जिला परिषद में भाजपा समर्थित उम्मीदवार ठिनले दिचेन के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना स्पष्ट राजनीतिक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 12 जिला परिषदों में अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया के बाद 11 जिला परिषदों में भाजपा समर्थित नेतृत्व सामने आया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि लाहौल-स्पीति में लंबे इंतजार के बाद अध्यक्ष पद का चुनाव हुआ और भाजपा समर्थित उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले से लेकर उपमुख्यमंत्री के गृह जिले, शिमला और कांगड़ा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भाजपा समर्थित नेतृत्व का उभरना कांग्रेस सरकार के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश है। शिमला जिला परिषद में भी भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं ने जिला परिषदों में अपना नेतृत्व स्थापित करने के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन अधिकांश जिला परिषदों में भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों ने जीत दर्ज की। बिंदल ने लाहौल-स्पीति में कांग्रेस पर सत्ता और सरकारी प्रभाव के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी इन परिणामों को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार, मंत्रिमंडल और कांग्रेस के कामकाज पर जनता के जनमत संग्रह के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर जिला परिषद तक जनता ने अपने मत के माध्यम से अपनी बात स्पष्ट की है।
उन्होंने कहा कि जिला परिषद चुनाव स्थानीय निकायों से जुड़े चुनाव हैं और भाजपा समर्थित निर्वाचित प्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में विकास, जनसेवा तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि ये परिणाम भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी जिम्मेदारी भी हैं।
#HimachalPradesh #LahaulSpiti #BJP #RajivBindal #DistrictCouncil #Shimla #Congress #HimachalNews




