शिमला, 6 अक्तूबर। जिला शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को बचत भवन में नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों के संचालकों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने की। बैठक में केंद्र संचालकों ने अपनी विभिन्न मांगें भी प्रशासन के समक्ष रखीं।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि नशा मुक्ति केंद्रों का संचालन निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप होना अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र व्यवसाय नहीं, बल्कि समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। नशे की गिरफ्त में आए लोगों को स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन की ओर वापस लाने के लिए संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण जरूरी है।

उन्होंने नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार के लिए आने वाले लोगों को नशा उपलब्ध करवाए जाने की शिकायतों को गंभीर विषय बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे केंद्रों में सुरक्षित और पूर्णतः नशामुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। केंद्र संचालकों को मरीजों की सुरक्षा और उपचार की जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल नशा तस्करों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है। उपचार, काउंसलिंग, पुनर्वास और मरीज को परिवार, शिक्षा, कौशल, रोजगार तथा समाज की मुख्यधारा से दोबारा जोड़ना भी जरूरी है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा ने नशा मुक्ति एवं पदार्थ उपयोग विकार उपचार केंद्रों के न्यूनतम मानकों की जानकारी दी। केंद्रों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। उपचार केंद्रों में प्रशिक्षित चिकित्सक और आवश्यकता के अनुसार मनोचिकित्सक की उपलब्धता जरूरी है। प्रत्येक 30 मरीजों पर कम से कम एक पूर्णकालिक काउंसलर होना चाहिए। मरीजों का पंजीकरण, यूनिक आईडी, मेडिकल रिकॉर्ड, सहमति, प्रिस्क्रिप्शन और डिस्चार्ज समरी सुरक्षित रखना अनिवार्य है।

बिना चिकित्सकीय एवं मनोचिकित्सकीय मूल्यांकन के मरीज को भर्ती नहीं किया जा सकेगा। उपचार में WHO द्वारा अनुशंसित प्रोटोकॉल अपनाने पर भी जोर दिया गया।

एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि नशामुक्त समाज के लिए पुलिस कार्रवाई के साथ उपचार और पुनर्वास पर भी समान गंभीरता से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र में नशे का कारोबार पाए जाने पर केंद्र मालिक के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज होगा, जिसमें 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।
#

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *