शिमला, 7 अक्तूबर। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के नाम और विरासत का इस्तेमाल कर किसी नए राजनीतिक दल के गठन को लेकर मंडी की सांसद एवं वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र भेजकर ऐसे किसी भी राजनीतिक दल के गठन अथवा पंजीकरण की अनुमति नहीं देने का आग्रह किया है।
7 अक्तूबर, 2026 को भेजे पत्र में प्रतिभा सिंह ने कहा कि उनके दिवंगत पति वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे और केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। प्रदेश की राजनीति और जनता के बीच आज भी उनके नाम और विरासत का विशेष प्रभाव है।
प्रतिभा सिंह ने पत्र में कहा कि समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से उनके संज्ञान में आया है कि कुछ लोग वीरभद्र सिंह के नाम और goodwill का इस्तेमाल कर नया राजनीतिक दल बनाने की घोषणा कर रहे हैं। इनमें ‘राष्ट्रवादी वीरभद्र कांग्रेस’ और ‘वीर कांग्रेस’ जैसे नाम प्रस्तावित किए जाने की बात सामने आई है।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग ‘राजा’, ‘बुशहर’ और ‘राजा बुशहर’ जैसे नामों का इस्तेमाल कर नए राजनीतिक दलों के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। ये नाम वीरभद्र सिंह और पूर्व बुशहर रियासत से जुड़ी उनकी पहचान एवं विरासत से संबंधित हैं।
प्रतिभा सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी भी व्यक्ति द्वारा नया राजनीतिक दल बनाने के अधिकार पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उनके दिवंगत पति के नाम और goodwill के इस्तेमाल अथवा दुरुपयोग को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने और न ही उनके परिवार के किसी सदस्य ने ऐसे किसी राजनीतिक दल के गठन के लिए अनुमति या सहमति दी है।
उन्होंने चुनाव आयोग से अनुरोध किया कि ‘राष्ट्रवादी वीरभद्र कांग्रेस’, ‘वीर कांग्रेस’ या ऐसे किसी समान नाम से राजनीतिक दल के गठन अथवा पंजीकरण को मंजूरी न दी जाए, जो वीरभद्र सिंह के नाम का दुरुपयोग करता हो। साथ ही उन्होंने किसी भी संबंधित आवेदन पर निर्णय लेने से पहले उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर देने की मांग की है।
#ShimlaLive #HimachalNews #PratibhaSingh #VirbhadraSingh #ElectionCommission




