शिमला, 7 अक्टूबर। नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम जनता की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयुक्त (मंदिर) एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नवरात्रि पर्व 11 से 19 अक्टूबर तक मनाया जाएगा, जबकि 20 अक्टूबर को दशहरा मनाया जाएगा।

नवरात्रि के दौरान जिले के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग चिन्हित करने को कहा गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल और चिकित्सा सहायता दल भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ अस्थायी शौचालय, पेयजल और पर्याप्त कूड़ेदान उपलब्ध करवाने को कहा है। स्थानीय निकायों को चौबीसों घंटे स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिरों के समीप प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध रखने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के लिए उचित ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू करने, पर्याप्त पार्किंग स्थलों को चिन्हित करने और उनकी जानकारी आम जनता को पहले से उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। मार्ग, पार्किंग और सुरक्षा संबंधी जानकारी के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली का उपयोग किया जाएगा।
मंदिर परिसरों और संपर्क मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ बिजली एवं जलापूर्ति की निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। जाखू मंदिर में एस्केलेटर सुविधा को एकतरफा और निर्धारित दिशा में संचालित करने को भी कहा गया है।

उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत निगरानी करने और नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। सभी विभागों को आपसी समन्वय से पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने तथा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *