भारत-नॉर्वे के बीच शैक्षणिक और शोध सहयोग को मिलेगा बढ़ावा, भारतीय राजदूत की मौजूदगी में हुआ समझौता।

शिमला/ओस्लो, 8 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू), शिमला ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग और शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नॉर्वे की ओस्लो मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी (ओस्लोमेट) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य दोनों विश्वविद्यालयों के बीच संयुक्त शोध परियोजनाओं, विद्यार्थी एवं शिक्षक आदान-प्रदान और भविष्य में संयुक्त पीएचडी डिग्री कार्यक्रमों की संभावनाओं को तलाशना है। इससे भारत और नॉर्वे के बीच शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

यह समझौता हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह के नेतृत्व में नॉर्वे गए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान हुआ। इस अवसर पर नॉर्वे में भारत की राजदूत ग्लोरिया गांगटे मौजूद रहीं। ओस्लो मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी की ओर से सामाजिक प्रभाव एवं सहयोग के उप-कुलपति कार्ल क्रिश्चियन थोडेसन तथा मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर और ग्रीन ट्रांजिशन के अकादमिक प्रमुख प्रो. अरविंद केप्रेट ने भाग लिया।

एचपीयू के प्रतिनिधिमंडल में कुलपति प्रो. महावीर सिंह के साथ डॉ. रमेश ठाकुर, डॉ. संदीप चौहान, डॉ. रवि कांत भाटिया और डॉ. मनीष कुमार शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल नॉर्वे के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के साथ संवाद कर आपसी सहयोग के नए अवसर तलाश रहा है।

एमओयू के तहत दोनों संस्थान संयुक्त शोध परियोजनाओं, शोध पत्रों के प्रकाशन, विद्यार्थियों और शिक्षकों के आदान-प्रदान, शोधार्थियों के संयुक्त मार्गदर्शन तथा अकादमिक प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों पर काम करने की संभावनाएं तलाशेंगे। इसके अतिरिक्त, भविष्य में संयुक्त पीएचडी डिग्री कार्यक्रम शुरू करने की दिशा में भी चर्चा की जाएगी। इन कार्यक्रमों का स्वरूप दोनों विश्वविद्यालयों की सहमति और लागू शैक्षणिक एवं नियामकीय प्रावधानों के अनुरूप तय किया जाएगा।

सहयोग के संभावित क्षेत्रों में सतत विकास, स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत सामग्री, डिजिटल तकनीक और पर्यावरण अनुसंधान जैसे विषय शामिल हैं। दोनों विश्वविद्यालय संयुक्त सेमिनार, कार्यशालाएं, सम्मेलन और शोधकर्ताओं के अल्पकालिक दौरे आयोजित करने की संभावनाओं पर भी विचार करेंगे।

कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक साझेदारियों को उच्च शिक्षा और शोध की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस समझौते से विद्यार्थियों और शिक्षकों को वैश्विक शोध पद्धतियों, नई तकनीकों और अंतरविषयक अध्ययन का अनुभव प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे।

भारत की राजदूत की उपस्थिति ने दोनों देशों के बीच शिक्षा, विज्ञान और शोध के क्षेत्र में सहयोग के महत्व को भी रेखांकित किया। यह समझौता एचपीयू की अंतरराष्ट्रीय पहुंच बढ़ाने और शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#HPU #OsloMet #HimachalPradeshUniversity #Shimla #Norway #Education #ResearchCollaboration #JointPhD #HimachalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *