शिमला। विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में नौकरी पाने का अवसर उपलब्ध करवाया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी, शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड (HPSEDC) के माध्यम से इलेक्ट्रीशियन और फिटर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। यह भर्ती UAE की कंपनी M/s Vertiv Gulf LLC के लिए मुंबई स्थित रिक्रूटिंग एजेंट ACME Enterprises के माध्यम से की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को 14 अक्टूबर, 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा।

दो वर्ष का होगा रोजगार अनुबंध
भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों को न्यूनतम दो वर्ष के अनुबंध पर रोजगार दिया जाएगा। इन पदों के लिए मासिक वेतन 1,100 से 1,300 UAE दिरहम निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त नियमानुसार ओवरटाइम का भुगतान भी किया जाएगा। नौकरी की शर्तों के अनुसार अभ्यर्थियों को निःशुल्क भोजन अथवा फूड अलाउंस, आवास और परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। नियोक्ता की ओर से वीजा भी प्रदान किया जाएगा।
चयनित कर्मचारियों को प्रतिवर्ष एक माह का सवैतनिक अवकाश मिलेगा। इसके अलावा हवाई टिकट के लिए 2,700 UAE दिरहम का वार्षिक भत्ता निर्धारित किया गया है।

ITI या डिप्लोमा होना अनिवार्य
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास इलेक्ट्रीशियन अथवा फिटर ट्रेड में ITI या डिप्लोमा होना आवश्यक है। भर्ती में फ्रेशर और अनुभवी, दोनों प्रकार के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों की आयु 20 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है। हालांकि, जिन युवाओं के पास फिलहाल पासपोर्ट नहीं है, वे भी आवेदन कर सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को चयन होने की स्थिति में सात दिनों के भीतर पासपोर्ट बनवाना होगा।

16 और 17 अक्टूबर को होंगे साक्षात्कार
जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार भर्ती के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर, 2026 है। पंजीकृत अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 16 और 17 अक्टूबर को आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार स्थल की जानकारी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों को 30,000 रुपये सेवा शुल्क और उस पर 18 प्रतिशत जीएसटी सहित कुल 35,400 रुपये का भुगतान करना होगा। इसके अतिरिक्त 1,500 रुपये मेडिकल शुल्क भी निर्धारित किया गया है।

इस लिंक पर करें पंजीकरण
इच्छुक युवा निर्धारित समय सीमा से पहले ऑनलाइन पंजीकरण के लिए यहां क्लिक करें।
जिला रोजगार अधिकारी, शिमला प्रवीन नगराईक ने पात्र युवाओं से अपील की है कि वे विदेश में रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने के लिए समय रहते पंजीकरण करवाएं और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भर्ती अभियान में भाग लें। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को वेतन, सेवा शुल्क, मेडिकल शुल्क और अन्य शर्तों की पूरी जानकारी प्राप्त कर लेनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *