स्वास्थ्य परियोजनाओं और बल्क ड्रग पार्क के क्रियान्वयन में देरी पर उठाए सवाल, 2027 के लिए भाजपा संगठन मजबूत करने का आह्वान
कुल्लू, 11 अक्टूबर। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश कुशासन, कुप्रबंधन और अव्यवस्था का सामना कर रहा है। पतलीकूहल के मेला मैदान में आयोजित जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवा रही है, लेकिन राज्य सरकार उसका समय पर उपयोग नहीं कर पा रही है।
नड्डा ने स्वास्थ्य क्षेत्र की परियोजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत हिमाचल को लगभग 360 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। उनके अनुसार, प्रदेश में प्रस्तावित 15 क्रिटिकल केयर ब्लॉक में से केवल एक का निर्माण पूरा हुआ है। वहीं, 12 इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब में से एक के पूरा होने और 73 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट में से किसी के भी संचालित नहीं होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि सरकार को इन परियोजनाओं की प्रगति का हिसाब देना चाहिए।
बल्क ड्रग पार्क के खर्च पर उठाए सवाल
नड्डा ने ऊना में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क के लिए केंद्र की ओर से 1,000 करोड़ रुपये की सहायता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए 225 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, लेकिन राज्य सरकार के लगभग 12 करोड़ रुपये ही खर्च कर पाने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यावरणीय मंजूरी और अन्य प्रक्रियाओं में देरी से परियोजना की रफ्तार प्रभावित हुई है। उनके अनुसार, मेडिकल डिवाइस पार्क और 15वें वित्त आयोग के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए उपलब्ध राशि के उपयोग में भी तेजी लाने की जरूरत है।
उन्होंने सड़क, रेल और स्वास्थ्य ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि कुल्लू-मनाली सड़क सुधार के लिए लगभग 468 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए। नड्डा ने एम्स बिलासपुर पर 1,400 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने, चमियाना सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता और जायका समर्थित स्वास्थ्य परियोजना के लिए 1,422 करोड़ रुपये की व्यवस्था का भी जिक्र किया।
निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का दावा
नड्डा ने स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की सफलता को जनता के समर्थन का संकेत बताया। उन्होंने धर्मशाला नगर निगम में 17 में से 11, मंडी में 14 में से 12 और कुल 63 वार्डों में से 37 पर भाजपा की जीत का उल्लेख किया। जिला परिषद चुनावों में 251 में से 190 सीटों पर भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों की जीत का दावा भी किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और आधारभूत ढांचे के विकास को रेखांकित किया। नड्डा ने कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी और लोकेंद्र कुमार सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#ShimlaLive #HimachalNews #JP Nadda #Kullu #BJP #HimachalPradesh




