(चार सांस्कृतिक संध्याएं, लेजर शो, मिस्टर-मिस बुशहर प्रतियोगिता और चामुर्थी घोड़ों की प्रदर्शनी रहेंगी मुख्य आकर्षण)

रामपुर बुशहर, 12 अक्तूबर। ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 इस वर्ष 11 से 14 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में रामपुर में आयोजन समिति की बैठक हुई। मेले में चार सांस्कृतिक संध्याओं के अलावा लेजर शो, पारंपरिक स्वाद महोत्सव, खेलकूद प्रतियोगिताएं, कवि सम्मेलन, वॉल आर्ट प्रतियोगिता तथा मिस्टर एवं मिस बुशहर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 300 पुलिस कर्मी तैनात होंगे।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि लवी मेला बुशहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक विरासत का प्रतीक है। मेले के माध्यम से पारंपरिक व्यापार को बढ़ावा देने के साथ विलुप्त होती कलाओं और स्थानीय उत्पादों को संरक्षित किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्याओं में दो कार्यक्रम पहाड़ी संस्कृति, एक बॉलीवुड और एक पंजाबी संगीत पर आधारित होगा।

बुशहर की विरासत और पारंपरिक व्यापार को मिलेगा मंच
मेले में बुशहर रियासत के इतिहास, पुराने छायाचित्रों, दस्तावेजों, हस्तशिल्प, हथकरघा, ऊनी उत्पादों, पारंपरिक आभूषणों और स्थानीय कृषि-बागवानी उत्पादों की प्रदर्शनियां लगेंगी। बुशहर और तिब्बत के ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। रामपुर हेरिटेज वॉक, पारंपरिक लवी बाजार, स्थानीय वास्तुकला और पारंपरिक व्यंजनों के साथ स्वयं सहायता समूहों तथा किसान उत्पादक संगठनों को भी अवसर मिलेगा।

रामपुर शहर में विशेष लाइटिंग और सजावट की जाएगी तथा विभिन्न स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। यातायात सुचारू रखने के लिए विशेष योजना तैयार होगी और शहर में पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। पिछले वर्ष की तुलना में अधिक अस्थायी पेयजल कनेक्शन भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।
चामुर्थी घोड़े होंगे आकर्षण का केंद्र।

लवी मैदान में अश्व प्रदर्शनी आयोजित होगी, जिसमें हिमाचल की प्रसिद्ध चामुर्थी नस्ल के घोड़े प्रदर्शित किए जाएंगे। अन्य राज्यों की नस्लों को शामिल करने की भी योजना है। घोड़ों के लिए 400 और 800 मीटर की दौड़ तथा गुब्बारा फोड़ प्रतियोगिताएं होंगी। किसान गोष्ठी में पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, खान-पान और देखभाल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

किन्नौरी बाजार में एकरूपता के लिए समिति की ओर से समान शैली की कैनोपी उपलब्ध करवाई जाएगी। सरकारी विभाग पिछले तीन वर्षों की नई उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगे।

विद्यार्थियों के लिए पहली बार निबंध प्रतियोगिता
रामपुर और आसपास के स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए पहली बार लवी मेले के इतिहास पर निबंध प्रतियोगिता होगी। स्कूल स्तर पर चयनित विद्यार्थियों के बीच अंतिम प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी और विजेताओं सहित अन्य प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार दिए जाएंगे।

एसएसपी गौरव सिंह के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह संभालेंगे। मेले में नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त अभियान, आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसी जन-जागरूकता गतिविधियां भी होंगी।
बैठक में एसडीएम हर्ष अमरेंद्र नेगी, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष कर्ण शर्मा, उपाध्यक्ष रोहित नेगी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लाल चंद शर्मा और कैलाश फेडरेशन के निदेशक त्रिलोक बलूनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

#InternationalLaviMela #RampurBushahr #HimachalNews #ShimlaLive

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *