(कहा- लोकतंत्र में विरोध का अधिकार, लेकिन जनादेश को बदनाम करने का लाइसेंस नहीं)
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर। भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर चुनाव आयोग, न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ निराधार आरोप लगाकर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। सोमवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति का पूरा पैटर्न हवा-हवाई है। उनके पास आरोपों का शोर है, लेकिन सबूतों के नाम पर कुछ नहीं है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार चुनाव आयोग, ईवीएम और मुख्य चुनाव आयुक्त पर सवाल उठाते हैं, लेकिन उन्हें अपने आरोपों के समर्थन में ठोस प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि किस मतदाता का वोट काटा गया और किस व्यक्ति को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के फैसलों से असहमति जताना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन संवैधानिक पदाधिकारियों पर आरोप लगाने के लिए प्रमाण भी जरूरी हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी चुनाव हारने के बाद कभी चुनाव आयोग, कभी ईवीएम और कभी अन्य संस्थाओं को निशाना बनाते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जवाबदेही केवल सरकार की नहीं, बल्कि नेता प्रतिपक्ष की भी होती है। राहुल गांधी को अपने दावों के समर्थन में तथ्य सामने रखने चाहिए और उनकी स्वतंत्र जांच का समर्थन करना चाहिए।
ठाकुर ने कांग्रेस के आपातकाल का उल्लेख करते हुए पार्टी पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने आपातकाल के दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं पर प्रतिबंध लगाए, वह आज संविधान की रक्षा की बात कर रही है। उन्होंने जबरन नसबंदी और बड़ी संख्या में लोगों को जेल में डालने की घटनाओं का भी जिक्र किया।
न्यायपालिका से जुड़े मुद्दे पर ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी न्यायिक व्यवस्था पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अदालतों में विचाराधीन मामलों में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी को अमर्यादित भाषा और निराधार आरोपों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा, “जनादेश पसंद आए तो लोकतंत्र और चुनाव हार जाएं तो वोट चोरी” का रवैया स्वीकार्य नहीं है। लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार है, लेकिन जनादेश को बदनाम करने का लाइसेंस नहीं है।
#AnuragThakur #BjpHimachalPardesh




