(OPS बहाली, नई भर्तियों के रोडमैप और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति बनाने पर हुई चर्चा)
शिमला, 12 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड (HPSEB) में कर्मचारियों और पेंशनरों की 83 मांगों तथा मुख्यमंत्री की सात घोषणाओं को लागू करने के मुद्दे पर सोमवार को बोर्ड प्रबंधन और HPSEB एम्प्लॉयज यूनियन के बीच करीब चार घंटे तक बैठक हुई। यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष नितिश भारद्वाज और महासचिव प्रशान्त शर्मा ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बैठक की जानकारी दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रबंधन कर्मचारियों के हित में मांगों के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगा।
बैठक में कर्मचारियों एवं पेंशनरों से संबंधित 54 सूत्रीय मांगपत्र, 29 अनुपूरक मांगों और यूनियन के 18वें महाधिवेशन में मुख्यमंत्री द्वारा की गई सात घोषणाओं के लंबित आदेशों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी, निदेशक वित्त श्रवण मांटा, निदेशक परिचालन डॉ. एमजी शर्मा और कार्यकारी निदेशक ईशा ठाकुर मौजूद रहे। यूनियन के राज्य पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
यूनियन ने बिजली बोर्ड में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली का प्रस्ताव सरकार को भेजने, नई भर्तियों के लिए पांच वर्षीय रोडमैप तैयार करने और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए पंजाब की तर्ज पर नीति बनाने की मांग उठाई। टाइम बाउंड प्रमोशनल स्केल के मामले को सर्विस कमेटी के समक्ष रखने, वर्कचार्ज कर्मचारियों की सेवा शर्तों में विसंगतियां दूर करने और विभिन्न श्रेणियों की पदोन्नति के लिए निर्धारित सेवा अवधि में कटौती करने पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा रिस्क एवं डेंजर अलाउंस बढ़ाने, सचिवालय एवं विशेष भत्ता देने, इलेक्ट्रीशियन और फिटर के वेतनमान की विसंगतियां दूर करने तथा शेष पात्र कर्मचारियों को मोबाइल भत्ता देने की मांग रखी गई।
बैठक में तकनीकी कर्मचारियों को एकमुश्त पदोन्नति, गुणवत्तापूर्ण सुरक्षा उपकरण, ओवरटाइम और शिफ्ट ड्यूटी भत्ता, TA बिलों की पुरानी व्यवस्था बहाल करने तथा रेशनलाइजेशन आदेशों पर पुनर्विचार जैसे मुद्दे भी उठाए गए। यूनियन नेताओं ने कहा कि जिन मांगों पर सहमति बनी है, उन्हें शीघ्र लागू किया जाना चाहिए, जबकि अन्य मुद्दों पर भी सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद है।
#HPSEB #HimachalNews #ShimlaNews #बिजलीबोर्ड #कर्मचारीमांगें #OPSबहाली




