(नूरपुर को मिलीं पांच नई इलेक्ट्रिक बसें, फिना सिंह परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये मंजूर : मुकेश अग्निहोत्री, जसूर एचआरटीसी वर्कशॉप के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा, निगम में 600 पदों पर होगी भर्ती)
नूरपुर, 14 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को जसूर स्थित हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की वर्कशॉप में पांच नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों को पठानकोट डिपो में शामिल किया गया है। ये पठानकोट से बैजनाथ, डाडा सीबा, गगरेट, हरिपुर-धर्मशाला और कुंडीहार रूट पर चलेंगी। इस दौरान उन्होंने जसूर एचआरटीसी वर्कशॉप के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार एचआरटीसी के बेड़े को आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रही है। निगम के लिए 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 200 हाइड्रोजन और 250 डीजल बसें भी बेड़े में शामिल की जाएंगी। उन्होंने कहा कि निगम में जल्द ही 300 ड्राइवर और 300 कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी। आने वाले समय में नूरपुर क्षेत्र को और बसें उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
फिना सिंह परियोजना को मिलेगी गति
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि फिना सिंह परियोजना स्वर्गीय सत महाजन का ड्रीम प्रोजेक्ट था। करीब 650 करोड़ रुपये की इस परियोजना पर 300 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद यह लगभग 12 वर्षों से लंबित रही। अब परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये मंजूर करवाए गए हैं और डैम का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि परियोजना का सबसे अधिक लाभ नूरपुर क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। इसे पूरा करना स्वर्गीय सत महाजन को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने नूरपुर से अपने पुराने और भावनात्मक रिश्ते का जिक्र करते हुए सत महाजन के योगदान को याद किया।
पेयजल और सीवरेज के कार्य भी जारी।
अग्निहोत्री ने बताया कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के माध्यम से सीवरेज से संबंधित 42.50 करोड़ रुपये और पेयजल से जुड़े 35 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं।
एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने बताया कि पांचों इलेक्ट्रिक बसों को इस तरह संचालित किया जाएगा कि प्रत्येक बस प्रतिदिन कम से कम 250 किलोमीटर चले। जसूर और पठानकोट में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं। डिप्टी चेयरमैन प्लानिंग भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों से निगम के संचालन खर्च में कमी आएगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अजय महाजन, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज, नगर परिषद अध्यक्ष नीति महाजन सहित निगम के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।




