स्पीति के विकास पर खर्च होंगे 500 करोड़ रुपये, कुंजुम टनल के लिए होगा सर्वे : मुख्यमंत्री।

116.28 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास, प्रदेश के पहले बैटरी स्टोरेज आधारित सौर ऊर्जा संयंत्र का किया उद्घाटन
काजा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार स्पीति घाटी के विकास पर आगामी समय में 500 करोड़ रुपये खर्च करेगी। कुंजुम पास के नीचे टनल निर्माण के लिए सर्वे करवाकर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पीति को प्राकृतिक खेती क्षेत्र घोषित करने, काजा में कॉलेज खोलने की संभावनाएं तलाशने, हेलिपोर्ट निर्माण के लिए सर्वे करवाने तथा क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की भी घोषणा की। अपने दो दिवसीय स्पीति प्रवास के दौरान उन्होंने 116.28 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए।

मुख्यमंत्री ने रोंगटोंग में प्रदेश के पहले बैटरी स्टोरेज से संचालित सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया। काजा में 4.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस संयंत्र की क्षमता दो मेगावाट है, जबकि इसमें एक मेगावाट-आवर क्षमता की बैटरी भंडारण प्रणाली स्थापित की गई है। समुद्र तल से करीब 3,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस संयंत्र से प्रतिवर्ष लगभग 36 लाख यूनिट बिजली उत्पादन की संभावना है। 30 सितंबर, 2026 तक इससे 22,58,752 यूनिट बिजली का उत्पादन हो चुका है। मुख्यमंत्री ने रोंगटोंग जलविद्युत परियोजना को पूरी तरह कार्यशील बनाने के लिए छह करोड़ रुपये खर्च करने की बात भी कही।

उन्होंने काजा और किन्नौर के समदो में 47.95 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 66/22 केवी विद्युत उप-केंद्रों की आधारशिला रखी। इनसे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और विश्वसनीय होने के साथ वोल्टेज में उतार-चढ़ाव तथा तकनीकी बिजली हानि कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा पिन घाटी में 39.55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित चिदांग-तंगती खर तेलिंग सड़क और 24.36 करोड़ रुपये की लागत से उन्नत 12 किलोमीटर लंबे तांगयुत-हिक्किम सड़क मार्ग का लोकार्पण किया। इन सड़कों से ग्रामीणों को आवागमन, कृषि उत्पादों के परिवहन और पर्यटन गतिविधियों में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समदो-काजा ट्रांसमिशन लाइन का कार्य तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है, जिस पर करीब 350 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार दूरदराज के जनजातीय क्षेत्रों में बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कर्मचारियों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और दिवाली पर महंगाई भत्ते की किस्त जारी करने पर विचार करने की बात कही। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की उपलब्धता 35 प्रतिशत से बढ़कर 70 प्रतिशत होने का दावा किया।
मुख्यमंत्री ने ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि इसके तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक पेंशन, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और प्रतिवर्ष 10 लाख रुपये का बीमा उपलब्ध करवाने का प्रावधान होगा। विधायक अनुराधा राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *