मुख्यमंत्री बार-बार क्यों लगा रहे दिल्ली के चक्कर, प्रदेश की जनता को बताएं माजरा : जयराम ठाकुर।

सराज दौरे के दौरान सुक्खू सरकार पर साधा निशाना, बगस्याड़ में रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ, विद्यार्थियों से भी किया संवाद
मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बार-बार दिल्ली दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि आखिर दिल्ली में हिमाचल को लेकर क्या राजनीतिक खिचड़ी पक रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने की खबर आती नहीं कि दोबारा जाने की सूचना मिल जाती है। यदि मुख्यमंत्री प्रदेश के हितों के लिए इतनी ही मेहनत करते, तो बेहतर होता।
सराज विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान मंडी से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को चुनावी व्यवस्था और गारंटियों के मुद्दे पर पहले प्रदेश की जनता को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झूठी गारंटियां देकर सत्ता हासिल की और अब उसी चुनावी व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पंचायती राज चुनावों के परिणाम पार्टी नेतृत्व के समक्ष रखने की बात भी कही।
इस दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा सराज मंडल थुनाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत बगस्याड़ में आयोजित रक्तदान शिविर में जयराम ठाकुर शामिल हुए। उन्होंने आपदा प्रभावित मासूम नीतिका को दुलारा और उसी के हाथों शिविर का शुभारंभ करवाया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। एक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं, आयोजकों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
जयराम ठाकुर ने भाजपा ग्राम केंद्र कांढा और बगस्याड़ में आयोजित बूथ बैठकों में भी भाग लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नेता प्रतिपक्ष ने अपने गोद लिए बागाचनोगी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारना और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना विद्यालय को गोद लेने का प्रमुख उद्देश्य है। विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिलें, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
इस दौरान कुल्लू एवं नग्गर ब्लॉक पंचायत समिति के अध्यक्ष यमुना ठाकुर और बेद राम ठाकुर तथा भाजपा कुल्लू सदर मंडल अध्यक्ष शरबन लाल ठाकुर ने भी उनसे शिष्टाचार भेंट की।
#JairamThakur #HimachalPolitics #MandiNews #Saraj #BJP #HimachalNews #ShimlaLive

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *