आईजीएमसी से डॉक्टरों की शिफ्टिंग पर भड़का रोष,
सैमदिकोट ने सरकार से मांगा जवाब, चमियाणा में नई भर्ती से भरें पद, फैकल्टी और विभागों के स्थानांतरण पर तत्काल रोक लगाने की मांग।
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला से डॉक्टरों, फैकल्टी और विभागों को अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज ( चमियाणा) में स्थानांतरित करने के फैसलों पर डॉक्टरों ने विरोध जताया है। स्टेट एसोसिएशन ऑफ मेडिकल एंड डेंटल कॉलेज टीचर्स (सैमदिकोट) ने प्रदेश सरकार से प्रस्तावित शिफ्टिंग पर रोक लगाने और चमियाणा में रिक्त पदों को सीधी भर्ती से भरने की मांग की है। एसोसिएशन ने 15 अक्तूबर को जारी बयान में कहा कि नए संस्थान का विकास जरूरी है, लेकिन इसके लिए प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा शिक्षण संस्थान आईजीएमसी की व्यवस्था कमजोर नहीं होनी चाहिए।
एसोसिएशन के अनुसार, आईजीएमसी से अनुभवी डॉक्टरों को स्थानांतरित करने से प्रदेश में विशेषज्ञों की कुल संख्या नहीं बढ़ेगी। इससे दोनों संस्थानों में चिकित्सा सेवाओं और शिक्षण व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। संगठन ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मानकों का हवाला देते हुए कहा कि फैकल्टी की कमी से एमबीबीएस और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की पढ़ाई तथा प्रशिक्षण प्रभावित होने की आशंका है।
मरीजों को भी हो सकती है परेशानी सैमदिकोट
ने आईजीएमसी के लक्कड़ बाजार परिसर और चमियाणा के बीच मरीजों की आवाजाही के लिए स्पष्ट रेफरल व्यवस्था, परिवहन और समन्वित जांच सुविधाएं विकसित करने की मांग की है। संगठन ने एनपीए, अवकाश और कॉमन कैडर नीति में कथित विसंगतियों पर भी सवाल उठाए हैं।
दस मांगें सरकार के सामने रखीं
एसोसिएशन ने स्थानांतरण आदेशों की समीक्षा, चमियाणा में नियमित सीधी भर्ती, संयुक्त उच्चस्तरीय समिति के गठन, एनएमसी मानकों के पालन और फैकल्टी से परामर्श के बाद प्रशासनिक बदलाव करने की मांग की है। 14 और 15 अक्तूबर को हुई आम सभा की बैठकों में इन मुद्दों पर चर्चा हुई। संगठन ने चेताया कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जा सकता है।
#IGMCSHIMLA #SAMIDICOT #MO #RAHULRAO




