(धर्मशाला में राष्ट्रीय सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री, शिक्षा में हिमाचल पांचवें स्थान पर पहुंचा; ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता।)

शिमला, 16 अक्तूबर। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों को सरल, त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह सेवाएं उपलब्ध करवाना है। ई-गवर्नेंस की सफलता तकनीकी जटिलताओं में नहीं, बल्कि इससे लोगों के जीवन में आने वाली आसानी में निहित है। विशेष रूप से दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को कांगड़ा जिले के धर्मशाला में प्रशासनिक सुधार एवं ई-गवर्नेंस विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारंपरिक नौकरशाही व्यवस्था से आगे बढ़कर नागरिक-केंद्रित शासन प्रणाली विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। सिंगल विंडो सिटीजन पोर्टल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और शिकायत निवारण पोर्टल के माध्यम से लोगों को घर बैठे अथवा लोक मित्र केंद्रों से सरकारी सेवाएं मिल रही हैं। शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बिना शिकायत को निस्तारित नहीं माना जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्री-नर्सरी से 12वीं कक्षा तक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में पांचवें स्थान पर पहुंचा है, जबकि वर्ष 2021 में प्रदेश 21वें स्थान पर था। स्वास्थ्य क्षेत्र में रोबोटिक सर्जरी की सुविधाएं शुरू की गई हैं और 15 से 19 वर्ष पुराने चिकित्सा उपकरणों को बदलने की प्रक्रिया आरंभ की गई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए स्नातकोत्तर सीटों में वृद्धि के साथ चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों के पद भी भरे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की लगभग 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है, इसलिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करना सरकार की तीसरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार ने गाय और भैंस के दूध के लिए देश में सर्वाधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया है। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करते हुए गेहूं 80 रुपये, कच्ची हल्दी 150 रुपये, मक्का 50 रुपये और अदरक 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जा रहा है।

सुक्खू ने बताया कि राजस्व प्रबंधन प्रणाली और राजस्व लोक अदालतों के माध्यम से इंतकाल, भूमि बंटवारे और निशानदेही से जुड़े लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाई गई है। सामाजिक सुरक्षा के तहत निराश्रित बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाकर उनकी शिक्षा, आवास और अन्य आवश्यकताओं का ध्यान रखा जा रहा है। वहीं, 12 लाख रुपये तक की वार्षिक पारिवारिक आय वाले परिवारों के विद्यार्थियों को देश-विदेश में पढ़ाई के लिए एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक ऋण सुविधा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के वन, नदियां और जलविद्युत संसाधन देश की पर्यावरणीय एवं ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसके बावजूद प्राकृतिक आपदाओं और पर्यावरण संरक्षण का असंगत बोझ राज्य को उठाना पड़ता है। उन्होंने जलविद्युत परियोजनाओं, रॉयल्टी, जल उपकर और केंद्रीय वित्तीय सहायता के मामलों में पहाड़ी राज्यों के हितों पर न्यायसंगत विचार करने की मांग की।

सम्मेलन में डीएआरपीजी की सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा, मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, नीति निर्माता और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *