शिमला के सुन्नी सिविल अस्पताल में हड़कंप! इलाज करवाने पहुंची 19 वर्षीय छात्रा ने डेंटल डॉक्टर पर लगाए अनुचित व्यवहार के आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक मामला सामने आया है, जहां सुन्नी स्थित नागरिक चिकित्सालय यानी सिविल अस्पताल में इलाज करवाने पहुंची एक कॉलेज छात्रा ने वहां तैनात डेंटल डॉक्टर पर कथित तौर पर अनुचित और आपत्तिजनक व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता 19 वर्षीय युवती सुन्नी के एक डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी एक सहेली के साथ दांतों की जांच करवाने के लिए सुन्नी सिविल अस्पताल पहुंची थी। छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि दांतों की जांच के दौरान अस्पताल में तैनात डेंटल डॉक्टर ने उसके साथ कथित तौर पर अनुचित आचरण किया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में हुई इस घटना के बाद छात्रा ने सुन्नी पुलिस थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत के आधार पर आरोपी चिकित्सक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक चमन लाल को सौंपी गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के दौरान घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, यह मामला पुलिस जांच के अधीन है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।




