TheTeacherApp से प्रदेश के सभी शिक्षकों को मिलेंगे आधुनिक प्रशिक्षण संसाधन।
शिमला, 22 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश में शिक्षकों की क्षमता वृद्धि और शिक्षण गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से राज्यव्यापी सतत व्यावसायिक विकास कार्यक्रम शुरू किया गया। वीरवार को पीटरहॉफ होटल में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने भारती एयरटेल फाउंडेशन, समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश और नीति आयोग की संयुक्त पहल का शुभारंभ किया। TheTeacherApp के माध्यम से संचालित इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, डिजिटल संसाधनों और तकनीक आधारित प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध होगी।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला शिक्षक हैं और विद्यार्थियों के भविष्य के निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। बदलती शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षकों को नए ज्ञान, कौशल और संसाधनों से सुसज्जित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक शिक्षा को प्रभावी बनाने में मदद कर सकती है, लेकिन शिक्षक का स्थान कोई तकनीक नहीं ले सकती। शिक्षक सूर्य के समान हैं और उनके बिना शिक्षा व्यवस्था रूपी सौरमंडल अधूरा है। विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों, आलोचनात्मक चिंतन, समस्या समाधान और रचनात्मकता का विकास करना शिक्षकों की अहम जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश सरकार दूरदराज के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों सहित सभी वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। डिजिटल शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और विद्यार्थियों के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
भारती एयरटेल फाउंडेशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नूरिया अंसारी ने कहा कि सशक्त शिक्षक बच्चों को बेहतर शिक्षण अनुभव प्रदान करते हैं। फाउंडेशन TheTeacherApp के माध्यम से शिक्षकों को उच्च गुणवत्ता वाले और व्यावहारिक प्रशिक्षण संसाधन उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। नीति आयोग के ओएसडी लेफ्टिनेंट कर्नल जितेंद्र वर्मा ने इसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों के पेशेवर विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि भारती एयरटेल फाउंडेशन ने पहले 50 स्कूलों में कार्य शुरू किया था, जबकि वर्तमान में 160 स्कूलों में काम किया जा रहा है। अब TheTeacherApp प्रदेश के सभी शिक्षकों के लिए उपलब्ध रहेगी। इस अवसर पर राजकीय उच्च पाठशाला कश्मल के न्यूजलेटर ‘कश्मल क्रॉनिकल्स’ का पहला संस्करण भी जारी किया गया।
एआई और नवाचार में हिमाचल के शिक्षकों की पहचान
कार्यक्रम में शिक्षकों की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। उड़ान पुरस्कार प्राप्त करने वाले 10 शिक्षकों में चंबा से प्रदीप कुमार, विक्की, अश्वनी कुमार और करनैल सिंह, हमीरपुर से परवीन कुमारी, सपना शर्मा और रेणुका कुमारी, सिरमौर से बीरमा शर्मा, मंडी से संदीप कुमार तथा किन्नौर से इंद्रा कुमारी शामिल हैं।
विकासोन्मुख सोच वाले शीर्ष पांच शिक्षकों में युधवीर टंडन, यज्ञनिश कुमार, शीतल ठाकुर, अंजना कुमारी धीमान और मुक्ता शामिल हैं। वहीं, एआई टूल्स के उपयोग के लिए मीनाक्षी शर्मा, दैजित सिंह, मंजू शर्मा, जमना देवी और नरेंद्र कुमार को सूचीबद्ध किया गया।
TheTeacherApp निःशुल्क डिजिटल मंच है, जिसके माध्यम से देशभर में 3.5 लाख से अधिक उपयोगकर्ताओं को प्रशिक्षण और व्यावसायिक विकास के अवसर मिल रहे हैं। इसमें ऑनलाइन पाठ्यक्रम, वेबिनार, पाठ योजनाएं, एआई-सक्षम मूल्यांकन उपकरण और कक्षा शिक्षण सामग्री उपलब्ध है।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. सुनीता सिंह वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुईं।
#RohitThakur #EducationDepartment #ShimlaLive #HimachalNews
#RohitThakur #EducationDepartment




