ऊना में प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना, कर्मचारियों के अधिकारों और सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लागू करने की उठाई मांग।

ऊना। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और कर्मचारी हितों को लेकर तीखा हमला बोला। ऊना में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। प्रदेश के दौरे के दौरान भाजपा को मिल रहे जनसमर्थन से यह स्पष्ट हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के चार साल केंद्र को कोसने और राजनीतिक आलोचना करने में ही बीत गए। मुख्यमंत्री जनता को अपनी सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए चार योजनाएं तक नहीं गिना सकते। उन्होंने कहा कि हिम केयर, सहारा और गृहणी सुविधा जैसी भाजपा सरकार की योजनाएं आज भी लोकप्रिय हैं, लेकिन वर्तमान सरकार ने इन्हें बजट देना बंद कर दिया।

जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए ऊना गोलीकांड, बिलासपुर कुल्हाड़ी कांड, शिमला में पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर हत्या और चंबा में युवक की हत्या कर शव बोरी में डालने जैसी घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिट्टे का कारोबार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार जमीनी कार्रवाई के बजाय आयोजनों में व्यस्त है।
उन्होंने विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार, धारा-118 के कथित उल्लंघन और क्रशर कारोबार में अनियमितताओं के आरोप लगाए। पेखुबेला परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी जांच में बड़े नाम सामने आएंगे और विमल नेगी को न्याय मिलेगा। उन्होंने सरकार पर भाजपा के 14 विधायकों और पूर्व विधायकों के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से मामले दर्ज करवाने का भी आरोप लगाया।

आरडीजी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह पूरे देश में बंद हुई है। उनके अनुसार, वर्ष 2014 से 2024 के दौरान हिमाचल को 89,300 करोड़ रुपये की आरडीजी मिली, जबकि कांग्रेस के दस साल के केंद्रीय शासन में 18,300 करोड़ रुपये मिले थे। उन्होंने जीएसटी कंपनसेशन की अवधि जून 2021 तक बताते हुए वर्तमान सरकार को 7,000 करोड़ रुपये की ब्याज रहित केंद्रीय सहायता मिलने की बात कही।

सुप्रीम कोर्ट के कर्मचारी हित में फैसले पर उन्होंने कहा कि सरकार को इसे लागू करना होगा। कर्मचारियों को समय पर वेतन और पेंशन मिलनी चाहिए। वहीं, सतपाल सत्ती की बीमारी पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

#JairamThakur #BjpHimachalPardesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *