शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा चंबा जिला के भरमौर में विद्युत बोर्ड एवं जिला परिषद कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली को लेकर की गई घोषणा का स्वागत किया है। संघ ने उम्मीद जताई है कि विद्युत बोर्ड के हजारों कर्मचारियों को भी जल्द पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिलेगा।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह ठाकुर और प्रदेश महासचिव चमन लाल शर्मा ने संयुक्त बयान में कहा कि विद्युत बोर्ड के कर्मचारी लंबे समय से पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग उठा रहे हैं। प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में तकनीकी कर्मचारियों की अहम भूमिका है। कर्मचारी दिन-रात अपनी सेवाएं देकर प्रदेश की जनता को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं। ऐसे में उन्हें पुरानी पेंशन के लाभ से वंचित रखना उनके भविष्य की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।

संघ पदाधिकारियों ने बताया कि तकनीकी कर्मचारी संघ ने 1 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री के चिड़गांव आगमन के दौरान विद्युत बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों से संबंधित पांच सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा था। इसमें पुरानी पेंशन योजना की बहाली, लगभग 450 नॉन-आईटीआई तकनीकी कर्मचारियों को एकमुश्त पदोन्नति देने, तकनीकी कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े लंबित मामलों सहित अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया था।
उन्होंने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली को लेकर बोर्ड प्रबंधन के साथ हुई बैठक में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इस प्रस्ताव को आगामी कार्रवाई के लिए प्रदेश सरकार को भेज दिया गया है। ऐसे में संघ को उम्मीद है कि सरकार इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर विद्युत बोर्ड कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन का लाभ प्रदान करेगी।

संघ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि पांच सूत्रीय मांग-पत्र पर गंभीरता से विचार करते हुए तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश पदाधिकारियों को वार्ता के लिए जल्द आमंत्रित किया जाए, ताकि कर्मचारियों की लंबित मांगों और समस्याओं को सरकार तथा बोर्ड प्रबंधन के समक्ष विस्तार से रखा जा सके।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि तकनीकी कर्मचारी विद्युत बोर्ड की रीढ़ हैं। उनकी जायज मांगों का समयबद्ध समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक पहल करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *