मंडी में एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकाथॉन का नेतृत्व कर युवाओं से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में जुटने का आह्वान।
शिमला, 13 नवंबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करों के लिए कोई जगह नहीं है। युवाओं के भविष्य और सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मंडी में एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकाथॉन का नेतृत्व करते हुए कहा कि अब तक नशा तस्करों की अवैध रूप से अर्जित 92 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज की जा चुकी है, जबकि सरकारी भूमि पर बने 22 अवैध निर्माणों को खाली करवाकर ध्वस्त किया गया है।
मंडी के पड्डल मैदान से शुरू हुई वॉकाथॉन बस स्टैंड और सेरी मंच होते हुए वापस पड्डल मैदान पहुंची। इसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और आम लोगों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को एंटी चिट्टा शपथ दिलाई और नशामुक्त हिमाचल अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
पड्डल मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टा बेचकर युवाओं का जीवन बर्बाद करने वालों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सरकार की नीति स्पष्ट और कठोर है। पुलिस कानून के दायरे में रहकर चिट्टा नेटवर्क और तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या का समाधान केवल सरकारी कार्रवाई से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग आवश्यक है। हर माता-पिता, शिक्षक, पंचायत, महिला मंडल, युवा मंडल और विशेषकर युवाओं को इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे की बिक्री अथवा इससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर चुप न रहने का आग्रह किया। उन्होंने आपातकालीन टोल फ्री नंबर 112 पर विश्वसनीय जानकारी साझा करने की अपील की। सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ सटीक जानकारी देने वालों को पुरस्कृत करने का प्रावधान भी किया है।
सुक्खू ने कहा कि एंटी चिट्टा अभियान पिछले वर्ष 5 नवंबर को शिमला से शुरू हुआ था। इसके बाद धर्मशाला, हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर में भी लोगों ने इसमें भाग लेकर नशे के खिलाफ एकजुटता दिखाई। अभियान के एक वर्ष बाद मंडी में भी वही संकल्प और उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंडी में 6 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले जिला पुस्तकालय भवन का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में विधायक अनिल शर्मा, चंद्रशेखर, सुरेश कुमार, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, उपायुक्त अपूर्व देवगन सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
#ShimlaLive #himachalnews #AntiChittaCampaign #Mandi #HimachalPradesh
