शिमला जिला पुलिस की अपराध समीक्षा एवं कल्याण बैठक में नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के निर्देश

शिमला, 24 नवंबर। जिला शिमला पुलिस की अपराध समीक्षा एवं कल्याण बैठक मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह, आईपीएस की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रभारियों और अन्य संबंधित पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान जिले में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अन्वेषण की गुणवत्ता, निवारक कार्रवाई और पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।

बैठक में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को नशे के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के मामलों में केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर बैकवर्ड लिंकेज विकसित कर मुख्य सप्लायरों तक पहुंचा जाए, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

एसपी ने नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान और जब्ती के लिए वित्तीय अन्वेषण करने, तस्करों के खिलाफ PIT-NDPS एक्ट के तहत निवारक निरोध की कार्रवाई करने तथा नशा तस्करी से जुड़े अवैध अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने RUSTOM योजना के तहत थाना प्रभारियों को युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।

बैठक में जिले में दर्ज विभिन्न आपराधिक मामलों की जांच की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को साक्ष्य संकलन, अन्वेषण की गुणवत्ता और मामलों के समयबद्ध निपटारे पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

अपराध रोकथाम के लिए आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त तेज करने पर भी जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त पुलिस कर्मचारियों के कल्याण और उनकी समस्याओं पर चर्चा हुई। एसपी ने अधिकारियों को अधीनस्थ कर्मचारियों की समस्याएं गंभीरता से सुनकर उनका समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी पेशेवर दक्षता, अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा की भावना से कार्य करें, ताकि आम जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *